Bihar: नालंदा में झोपड़ी हटाने को लेकर भड़का विवाद, जमकर चले पत्थर; दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कराई एफआईआर
Nalanda News: थाना अध्यक्ष सिलाव मो. इरफान खान ने बताया कि मामला जमीन पर झोपड़ी बनाने को लेकर हुआ था। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे पर मारपीट करने का लिखित आवेदन दिया है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
बिहार के नालंदा के सिलाव थाना क्षेत्र के हैदरगंज कड़ाह में रविवार के दिन एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान जमकर रोड़ेबाजी भी हुई। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट की यह घटना हैदरगंज कड़ाह निवासी मुश्ताक शाह और रुस्तम शाह के बीच हुई है।
इस घटना को लेकर दोनों पक्षों द्वारा सिलाव थाना क्षेत्र में मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में एक पक्ष के रुस्तम शाह की पत्नी बुनी खातून द्वारा मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें पड़ोसी मुश्ताक शाह के बेटे मुमताज खान और दर्जन भर अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
प्राथमिकी में बुनी खातून ने बताया कि वह घर के बगल में झोपड़ी बना रही थी, तभी पड़ोसी आ धमका और गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच झोपड़ी तोड़ दी गई और दर्जनों लोगों के साथ मिलकर रोड़ेबाजी भी की, जिसमें घर की एक महिला जख्मी हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के मुमताज खान ने भी थाना में मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में मुमताज ने रुस्तम शाह और उसके बेटों इश्तियाक शाह, इम्तियाज शाह और जुल्फिकार शाह पर लोहे की रॉड से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मुमताज खान का कहना है कि उसकी परती जमीन को हड़पने की नीयत से उस पर रुस्तम शाह का परिवार झोपड़ी बना रहा था, जब उन लोगों ने मना किया तो मारपीट की गई।
वहीं, इस मामले में थाना अध्यक्ष सिलाव मो. इरफान खान ने बताया कि मामला जमीन पर झोपड़ी बनाने को लेकर हुआ था। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे पर मारपीट करने का लिखित आवेदन दिया है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।