Bihar: होम गार्ड का फिजिकल टेस्ट 15 मई से शुरू, अभ्यर्थी बहा रहे पसीना; कैमूर में 241 पदों के लिए 19,838 आवेदक
Kaimur News: कमांडेंट रवि कुमार रुद्र ने बताया कि फिजिकल टेस्ट के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री चार स्लॉट में की जाएगी। पहला स्लॉट सुबह 4:00 बजे, दूसरा 4:30 बजे, तीसरा 5:00 बजे और चौथा 5:30 बजे रहेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृह रक्षक (होम गार्ड) बनने का सपना संजोए हजारों युवाओं के लिए लंबे इंतजार का समय अब खत्म होने जा रहा है। कैमूर जिले में 15 मई से चार जून तक होम गार्ड के पदों के लिए फिजिकल परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित जगजीवन स्टेडियम में यह परीक्षा आयोजित होगी, जहां अभ्यर्थियों के लिए दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक और मेडिकल जांच जैसी प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं। इस बहाली प्रक्रिया के तहत कुल 241 पदों पर नियुक्ति होनी है, जिसके लिए 19,838 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 16,386 पुरुष, 3,451 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
फिजिकल परीक्षा से एक दिन पहले रोहतास के कमांडेंट सह प्रभारी कैमूर जिला कमांडेंट रवि कुमार रुद्र ने जगजीवन स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विजय कुमार और डीसीएलआर अनुपम कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मैदान का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- Bihar: शहीद रामबाबू को नम आंखों से अंतिम विदाई, भारत माता की जय से गूंजा सीवान; तेजस्वी ने भी दी श्रद्धांजलि
सुबह चार स्लॉट में होगी अभ्यर्थियों की एंट्री
कमांडेंट रवि कुमार रुद्र ने जानकारी दी कि फिजिकल टेस्ट के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री चार स्लॉट में की जाएगी। पहला स्लॉट सुबह 4:00 बजे, दूसरा 4:30 बजे, तीसरा 5:00 बजे और चौथा 5:30 बजे रहेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा के दौरान 320 मीटर के रनिंग ट्रैक पर पुरुषों को छह मिनट में पांच चक्कर लगाने होंगे। वहीं, महिला अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट दो जून से चार जून तक आयोजित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों में दिखा आत्मविश्वास और संघर्ष
भभुआ में तैयारी कर रहे पुरुष अभ्यर्थी एमबी रेयान खान ने कहा कि वह होम गार्ड बनने को लेकर आश्वस्त हैं और भविष्य में ओलंपिक तक जाने का सपना देख रहे हैं। वहीं, महिला अभ्यर्थी अनीता कुमारी ने बताया कि वह पिछले तीन महीने से भभुआ में रहकर ट्रेनर की मदद से कड़ी मेहनत कर रही हैं। यूपी के चंदौली जिले से आए ट्रेनर वीरू दीन ने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन होने की संभावना है।
बायोमेट्रिक निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था
कमांडेंट ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया बायोमेट्रिक और सीसीटीवी निगरानी में होगी। दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप और मेडिकल सभी चरणों में आरएफआईडी युक्त जैकेट और बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली का उपयोग किया जाएगा। परीक्षा स्थल पर प्रवेश के समय, दौड़ के बाद और बाहर निकलते समय अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति ली जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अभ्यर्थी किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं, क्योंकि चयन पूरी तरह से मेरिट पर आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होगा।
यह भी पढ़ें- Bihar News: धर्मपत्नी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए CM नीतीश कुमार, कंकड़बाग में स्मृति स्थल पर दी श्रद्धांजलि
अभ्यर्थियों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यकतानुसार ओआरएस, पानी और आराम करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मैदान में पंडाल लगाए गए हैं और चलंत शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। एक बार परीक्षा में प्रवेश करने के बाद अभ्यर्थियों को पूरी प्रक्रिया पूरी होने तक बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी, इसलिए उन्हें अपने साथ जरूरी सामग्री लाने की सलाह दी गई है।
फिजिकल टेस्ट की चरणबद्ध प्रक्रिया
कमांडेंट रुद्र ने बताया कि पहले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक पहचान ली जाएगी, इसके बाद उन्हें आरएफआईडी चिप लगे जैकेट पहनाकर रनिंग ट्रैक पर ले जाया जाएगा। दौड़ पूरी करने के बाद योग्य अभ्यर्थियों को अगले चरण हाई जंप, लॉन्ग जंप और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। हर चरण में बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य होगी।