बिहार: केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष पति रिंकू पाठक के घर ईओयू की रेड, गैस एजेंसी समेत कई ठिकानों पर छापेमारी
केसरिया नगर पंचायत अध्यक्ष पति रिंकू पाठक के घर, गैस एजेंसी समेत अन्य ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी जारी है। कुख्यात मुकेश पाठक के करीबी रहे रिंकू पर रंगदारी वसूली का आरोप है।
विस्तार
पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की छापेमारी से राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद के पति और बीजेपी नेता रिंकू पाठक के कई ठिकानों पर कार्रवाई की है। इनमें उनका आवास, गैस एजेंसी समेत अन्य स्थान शामिल बताए जा रहे हैं।
छापेमारी की खबर सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई की टीम किस मामले की जांच के सिलसिले में पहुंची है, कार्रवाई के दौरान क्या-क्या मिला और जांच का दायरा कितना व्यापक है, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पढ़ें: विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी; पटना में हंगामा, 'वोट चोरी' के नारे लगे
मुकेश पाठक से करीबी को लेकर भी चर्चा
रिंकू पाठक का नाम पूर्व में कुख्यात मुकेश पाठक से कथित करीबी को लेकर भी चर्चा में रहा है। उन पर मुकेश पाठक के नाम पर रंगदारी वसूली से जुड़े आरोप लगाए जाने की बात कही जाती रही है। यह भी दावा किया जाता रहा है कि इस मामले में वह करीब छह महीने तक सहरसा जेल में बंद रहे थे।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई के बाद अब जांच के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं। छापेमारी का वास्तविक कारण, किसी तरह की बरामदगी और संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति जांच एजेंसी के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, मामले में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।