Bihar News: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहुंचे पटना, बोले- बिहार के मतदाताओं का दिल से शुक्रिया
Election Commission: बिहार विधानसभा चुनाव और बांकीपुर उपचुनाव के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहली बार पटना आए हैं। उन्होंने यहां के मतदाताओं का आभार जताया। आइए जानते हैं पूरी बात...
विस्तार
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर रविवार को पटना पहुंचे। उनके साथ निर्वाचन आयोग का उच्चस्तरीय शिष्टमंडल भी मौजूद है। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार विनोद सिंह गुंजियाल, पटना के जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि वह बिहार की पुण्य-पावन धरती को नमन करने आए हैं। उन्होंने बिहार के मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण का देशभर में सबसे सफल आयोजन बिहार से शुरू हुआ। इसके साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत भी आजादी के बाद अब तक हुए चुनावों में सबसे अधिक रहा।
विकसित देशों से भी अधिक मतदान का दावा
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बिहार में कई विकसित देशों की तुलना में अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। उन्होंने फ्रांस, जापान और स्पेन का उदाहरण देते हुए बिहार के मतदाताओं की भागीदारी की सराहना की। ज्ञानेश कुमार ने वैशाली को लोकतंत्र की जननी बताते हुए वैशाली और बिहार के मतदाताओं का तहेदिल से शुक्रिया अदा किया।
सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली भी जाएंगे
मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने बिहार प्रवास के दौरान सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली का भी दौरा करेंगे। उनके साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह जिलों के निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
साथ ही बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भी अवलोकन करेंगे।