BPSC Protest: बिहार के कई जिलों में बीपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन, पीके की गिरफ्तार के विरोध में प्रदर्शन
Bihar BPSC Candidates Protest News in Hindi: बिहार लोक सेवा आयोग की 13 दिसंबर 2024 को आयोजित 70वीं संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा कैंसिल कराने को लेकर शुरू हुई राजनीति अब चरम पर पहुंच गई है। परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर दो जनवरी से आमरण अनशन पर बैठे जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सासाराम में पेपर लीक, शिक्षा के गिरते स्तर, 30 लाख ड्रॉप आउट विद्यार्थी एवं बीपीएससी परीक्षा में बरती गई अनियमितता के खिलाफ सोमवार को युवा छात्र महागठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। प्रतिरोध मार्च के दौरान शहर के कुशवाहा भवन से भारी संख्या में कार्यकर्ता पुरानी जीटी रोड होते हुए निकले और धर्मशाला मोड, रौजा रोड, कचहरी मोड होते हुए पोस्ट ऑफिस चौराहे के समीप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और 70वीं बीपीएससी परीक्षा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार की उदासीनता और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने छात्रों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितता छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह प्रदर्शन सरकार को चेतावनी है कि वह छात्रों और युवाओं की आवाज को अनसुना न करे।
गया में सड़कों पर निकाला आक्रोश मार्च
गया में बीपीएससी परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी मैदान से आक्रोश मार्च निकाला, जो विभिन्न सड़क मार्ग से होते हुए शहर के टावर चौक पहुंचा। टावर चौक के समीप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल राजद प्रवक्ता गोपाल कृष्ण उर्फ जुगनू यादव ने कहा कि बीपीएससी जैसी परीक्षा का पत्र लीक हो जाता है। इससे बड़ी हास्यास्पद बात क्या होगी? अब और परीक्षाओं की क्या स्थिति होगी? यह स्वयं समझा जा सकता है। बीपीएससी परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर तेजस्वी यादव के आह्वान पर छात्र राजद और युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंकने का कार्य किया है।
प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतरे जन सुराज के लोग
औरंगाबाद में 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा को रद्द करने की अभ्यर्थियों की मांग के समर्थन में आमरण अनशन कर रहे जनसुराज के सूत्रधार व जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की सोमवार की अहले सुबह पटना में हुई गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार शाम जन सुराजियों ने शहर के रमेश चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। पुतला दहन में सैकड़ों जन सुराजी शामिल रहे।
पुतला दहन में जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता मोहन सिंह, शशिकांत गौतम, ई. प्रकाश कुमार, सुबोध कुमार, अधिवक्ता अनुराग यादव एवं रंजीत कुमार समेत सैकड़ों छात्र शामिल रहे। इस दौरान पुतला फूंकने वालों ने नीतीश कुमार मुर्दाबाद के भी नारे लगाए। अवाम से नीतीश कुमार के भ्रष्ट तंत्र से खिलाफ आगे आकर अपनी लड़ाई खुद लड़ने का आह्वान किया। 70वीं बीपीएससी पीटी की पुन: परीक्षा लिए जाने की मांग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। अंधेरी रात में प्रशांत किशोर के ऊपर बर्बरता की गई। उनके साथ दुर्व्यहार किया गया और उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार किया गया।
समस्तीपुर में प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी का विरोध
जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार शाम जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में कैंडल मार्च निकालकर गिरफ्तारी का विरोध किया। कैंडल मार्च का नेतृत्व जन सुराज पार्टी के संविधान निर्माण कमेटी के सदस्य विजय वात्सायन कर रहे थे। कैंडल मार्च शहर के अंबेडकर स्थल से निकलकर ओवर ब्रिज, पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड ,स्टेशन रोड होते हुए स्टेशन चौराहा स्थित गांधी स्मारक स्थल पर पहुंचा । जहां एक सभा का आयोजन किया गया।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार में तानाशाह की सरकार चल रही है। लाठी गोली की सरकार चल रही है। प्रशांत किशोर ने एक छोटी सी मांग की थी, छात्र हित में फिर से दोबारा 70वीं बीपीएससी की परीक्षा आयोजित कराई जाए। इस मांग को भी सरकार ने अनसुना कर अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया, जिसे जनसुराजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। कैंडल मार्च तो एक विरोध का प्रतीक है, पूरे बिहार में अब लगातार आंदोलन किया जाएगा।
BPSC मामले को लेकर के प्रदर्शन तेज
बीपीएससी के अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार गरमाता जा रहा है। आज बीपीएससी छात्रों के समर्थन में सोमवार शाम को महागठबंधन के नेताओं ने जिला परिषद मार्केट स्थित राजद जिला कार्यालय से प्रतिरोध को मार्च निकाला है और वहीं इस दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने सरैयागंज टावर चौक के पास में पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया है। इसमें महागठबंधन के युवा और छात्र इकाई की भागीदारी रही।
युवा राजद के जिलाध्यक्ष नितेश यादव ने राज्य की सरकार पर हमला बोलते हुए बीपीएससी अभ्यर्थियों पर झूठे मुकदमे लिखे जाने का आरोप लगाया है। यह कुछ और नहीं बल्कि सरकार का तानाशाही रवैए है और तुगलकी फरमान है, जिसके विरोध में हम प्रदर्शन कर रहे हैं। बीपीएससी की परीक्षा में लगातार अनियमितता पाई जा रही है और अभी 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा फिर से कराने की मांग को लेकर छात्रों का आन्दोलन चल रहा है। वहीं, उस पर पुलिस की तरफ से दमन रणनीति को अपनाई जा रही है। प्रशासन छात्रों को डराने के लिए लगातार उन पर झूठे मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं और उसके साथ ही पेपर लीक होने की वजह से BPSC के अभ्यर्थियों का भविष्य भी अंधकारमय हो रहा है।
सहरसा में बीपीएससी परीक्षा रद्द करने को लेकर महागठबंधन ने किया सीएम का पुतला दहन
बीपीएससी परीक्षा रद्द करने सहित अन्य मांगों को लेकर राज्य व्यापी प्रतिकार मार्च में महागठबंधन के छात्र युवा संगठनों ने सोमवार को वीर कुंवर सिंह चौक से शंकर चौक तक आक्रोश मार्च निकाला। जहां उन्होंने सीएम का पुतला दहन किया। छात्र संगठन छात्र राजद, युवा राजद, एनएसयूआई, एआईएसएफ, एसएफआई, आरएवाई, छात्र जन अधिकार परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ बीपीएससी के परीक्षार्थियों ने भाग लिया। संयुक्त छात्र युवा संगठन ने मुख्य रूप से बीपीएससी की 70वीं प्री परीक्षा रद्द करो, परीक्षा की नई तारीख घोषणा करो, पेपर लीक के अपराधियों एवं परीक्षा माफियाओं पर कार्रवाई करो, मृतक बीपीएससी छात्र सोनू कुमार के परिजनों को मुआवजा दो की मांग की। पूर्व के दिनों में पटना में आंदोलनरत छात्रों पर लाठी चार्ज लगातार तीन बार की गई।
इसके बाद महागठबंधन के छात्र संगठन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते प्रथम चरण में मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम किया था। वहीं द्वितीय चरण में राज्य व्यापी छात्र युवा आक्रोश मार्च निकाला। जिसमें समर्थन में पूर्व विधायक सह वरिष्ठ राजद नेता अरुण यादव ने कहा कि बिहार में भाजपा- जदयू की सरकार माफियाओं का सबसे बड़ा सरगना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के हाथ के कठपुतली बन बन गए हैं। बीपीएससी छात्रों का प्रश्न पत्र पहले ही मोटे रकम ले कर बेच दिया है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष सह राजद प्रदेश महासचिव धीरेन्द्र यादव ने कहा कि बिहार में वर्तमान समय में अफसर शाही एवं माफियाओं का गठबंधन है। भाजपा इसका मुख्य सरगना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मानसिक एवं शारीरिक अस्वस्थता से जुझ रहे हैं। चंद अधिकारी इस सरकार को चला रहे हैं। जो बर्बरता पूर्वक छात्रों पर लाठीचार्ज करा रही हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। राजद इस आंदोलन को मजबूती से छात्र युवा के साथ खड़ी है। नगर निगम उप महापौर सह युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष गुड्डू हयात ने कहा कि वर्तमान नीतीश सरकार छात्रों के द्वारा असंवेदनशील रवैया अख़्तियार कर रही है। छात्र देश के भविष्य हैं एवं बिहार सरकार के मुखिया नीतीश कुमार खुद छात्र राजनीति के उपज हैं। एक माह में लगातार तीन बार छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। युवा राजद मजबूती से छात्र के साथ खड़ी है एवं इस आंदोलन में अपना अहम योगदान निभा रही है।
राजद जिलाध्यक्ष मो ताहिर ने कहा कि महागठबंधन के छात्र युवा संगठन द्वारा पटना में लगातार आंदोलन किया जा रहा है। जिसको सरकार नजरंदाज कर महागठबंधन के विधायक पर मुकदमा दर्ज़ कर हिटलरशाही कर रही है। एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार ने कहा कि भाजपा जदयू की सरकार माफियाओं का सरगना है। जो भय एवं भ्रष्टाचार की पोषक है। छात्र राजद जिलाध्यक्ष धीरज सम्राट ने कहा कि कड़ाके की ठंड में लगातार एक महीने से पटना के सड़कों पर बैठे छात्र की मांग को एनडीए की अहंकारी सरकार ने दबाने का काम किया एवं लगातार लाठी चार्ज कर शिक्षा माफिया को सह दे रही है।
इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कुंदन यादव ने कहा कि बिहार सरकार छात्र विरोधी रवैया अपना रही है। एआईएसएफ शंकर कुमार एवं एसएफआई कुलानंद कुमार ने कहा कि छात्र युवा आंदोलन के उपज नीतीश कुमार छात्रों का दमन कर रही है। छात्र जन अधिकार परिषद के नंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार छात्र युवा के शक्ति को नजरंदाज कर रही है।