Bihar: रील्स बनाने में नहीं, दोस्त को बचाने में गई चारों युवकों की जान; आरा सांसद ने बताई प्रशासन की लापरवाही
Arrah News: आरा सांसद सुदामा प्रसाद ने जिला प्रसाशन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतना बड़ा कार्यक्रम गंगा दशहरा पर आयोजन होना था। पहले से जानकारी थी कि गंगा में भीड़ होने वाली है। फिर भी कोई बेरिकेडिंग क्यों नहीं की गई, खतरनाक घाटों को अलर्ट पर क्यों नहीं रखा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के आरा में रविवार को गंगा में डूबे चार युवकों के शव को बरामद कर लिया गया है। चारों मृतक आपस में दोस्त थे। लगभग 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने चारों शवों को ढूंढ कर बाहर निकाल लिया। उसके बाद आरा सदर अस्पताल में सभी के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान नव निर्वाचित सांसद सुदामा प्रसाद भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। बताया जा रहा है कि चारों युवकों की रील बनाने में नहीं, बल्कि एक दूसरे को बचाने में जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, गंगा दशहरा के दौरान रविवार को सभी युवक शिवपुर गंगा घाट पर नहाने गए थे। जहां गंगा के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। कई जगहों पर अफवाह फैलाई गई थी कि ये सभी युवक रील्स बना रहे थे जो कि पूरी तरह गलत है। मृतकों के परिजन इस बात से इनकार करते हुए बोले कि कोई रील नहीं बना रहा था, बल्कि सभी नहा रहे थे और गहरे पानी में एक दूसरे को बचाने में डूब गए।
जानकारी के अनुसार, गंगा में नहाने के दौरान जान गंवाने वाले मृतकों में निशु शर्मा अपने परिवार का इकलौता चिराग था। बताया जा रहा है कि निशु भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के घेघटा गांव निवासी लालबाबू शर्मा का इकलौता बेटा था। पिता के निधन के बाद वह अपने ननिहाल में रहता था। वह अपनी मां के साथ बचपन से ही अपने मामा संजय शर्मा और सोनू शर्मा के यहां रह रहा था। वहीं, सोनू यादव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और इंटर कक्षा का छात्र था। जबकि पानी में डूबकर जान गंवाने वाला दीपू यादव अपने दो भाई और दो बहनों में चौथे नंबर का था और वह बीए पार्ट वन का छात्र था। इसके साथ ही पानी में डूबकर मरने वाला चौथा युवक गोंड बीए पार्ट वन का छात्र था और वह तीन भाई और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर का था।
इस घटना को लेकर बताया जा रहा है कि उक्त चारों युवक नहाने के लिए बनाए गए घाट से लगभग 200 मीटर दूर गंगा नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से एक युवक डूबने लगा, उसे बचाने के चक्कर में अन्य तीन युवक भी डूब गए।
बताया जा रहा है कि आरा सदर अस्पताल में पुलिस द्वारा सभी मृतकों के शव लाए गए। उसके बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए गए। इस दौरान आरा के नव निर्वाचित सांसद सुदामा प्रसाद भी पहुंचे। उन्होंने जिला प्रसाशन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतना बड़ा कार्यक्रम गंगा दशहरा पर आयोजन होना था। पहले से जानकारी थी कि गंगा में भीड़ होने वाली है। फिर भी कोई बेरिकेडिंग क्यों नहीं की गई, खतरनाक घाटों को अलर्ट पर क्यों नहीं रखा गया।