{"_id":"5fb0e653295c76535569aeab","slug":"nitish-kumar-elected-nda-legislature-leader-in-bihar-sushil-modi-elected-leader-of-legislature-party","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: सातवीं बार कल सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश, डिप्टी सीएम पर संशय बरकरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: सातवीं बार कल सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश, डिप्टी सीएम पर संशय बरकरार
Sun, 15 Nov 2020 03:08 PM IST
अनवर अंसारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: अनवर अंसारी
Updated Sun, 15 Nov 2020 03:08 PM IST
विज्ञापन
नीतीश कुमार-सुशील कुमार मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर आज पटना में एनडीए के विधायक दल की बैठक में निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही नीतीश कुमार सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें सोमवार शाम 4.30 बजे शपथ दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। नीतीश कुमार राज्यपाल फागु चौहान से मुलाकात करने राजभवन पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। बताया गया है कि सुशील मोदी के इस बार उपमुख्यमंत्री बनने को लेकर संशय बरकरार है।
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री के संबंध में जब नीतीश कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा, इसकी जानकारी थोड़ी देर बाद ही मिल पाएगी। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, उपमुख्यमंत्री को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके लिए एक बैठक होगी, जिसके बाद ही उपमुख्यमंत्री को लेकर कुछ तय हो पाएगा।
विज्ञापन
इससे पहले भाजपा और जदयू के विधायक दल की बैठक हुई। भाजपा की बैठक में जहां किसी को भी विधायक दल का नेता नहीं चुना गया। वहीं जदयू की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।
इसके बाद सभी विधायक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, देवेंद्र फडणवीस और भूपेंद्र यादव ने भी सरकार गठन को लेकर नीतीश के घर पर बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार के नाम पर सहमति बनी।
मंत्रिमंडल में हो सकते हैं नए चेहरे
बताया गया है कि इस बार नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। इस बार बिहार चुनाव में भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, जदयू को कम सीटें हासिल हुई हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में इस बार भाजपा का दबदबा रहने वाला है। नियम के मुताबिक बिहार विधानसभा में सीटों की संख्या के मुताबिक अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बता दें कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को 74 सीटें हासिल हुई हैं और वह राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। पिछले चुनाव में भाजपा को 53 सीटें मिली थीं। वहीं, जदयू को पिछले चुनाव में 71 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, लेकिन इस बार यह आंकड़ा घटकर 43 पर आ गया है। दूसरी तरफ, हम और वीआईपी जैसे राजग के सहयोगी दलों को चार-चार सीटों पर जीत मिली है।
तारिक अनवर बोले, रिमोट किसी और के पास रहेगा
वहीं, कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, 'पहले, नीतीश कुमार जी बिहार में एक अच्छे एनडीए नेता के रूप में उभरे, लेकिन इस बार, उनकी संभावना पहले की तरह नहीं है। भाजपा ने उन्हें कमजोर करने की साजिश रची है। अब भले ही वह एनडीए के नेता या मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए हों, किसी और के पास उन्हें नियंत्रित करने का रिमोट होगा।'