{"_id":"67c3ed3761be88ced90a8082","slug":"vaishali-bihar-news-police-recovered-dead-body-young-man-hanging-peepal-tree-police-investigation-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1236-2682382-2025-03-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, ससुराल पक्ष ने दामाद पर हत्या का लगाया आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, ससुराल पक्ष ने दामाद पर हत्या का लगाया आरोप
Sun, 02 Mar 2025 03:54 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Sun, 02 Mar 2025 03:54 PM IST
सार
Vaishali News: वैशाली में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक के परिजनों ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसने एक साल पहले उनकी बेटी से बंदूक के बल पर शादी कर ली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर राजाराम गांव में एक युवक का शव पीपल के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक की पहचान नारद साह (पुत्र ब्रह्मदेव साह) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या तथा आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
विज्ञापन
शनिवार की शाम से था लापता
मृतक के परिजनों के अनुसार, नारद साह शनिवार शाम से लापता था। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। लेकिन रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने नारद का शव पीपल के पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस को मृतक की जेब से एक चाकू मिला है, जबकि उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी। इसे देखते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है।
विज्ञापन
दामाद पर हत्या का आरोप
मृतक के पिता ब्रह्मदेव साह ने अपने दामाद संजय पासवान पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि एक साल पहले संजय पासवान ने उनकी बेटी से जबरन शादी कर ली थी। आरोप है कि संजय ने लड़की को बंदूक की नोक पर अगवा करके विवाह किया था। शादी के बाद से संजय पासवान लगातार दहेज के लिए दबाव बना रहा था। बेटी के साथ मारपीट करता था, जिससे वह ससुराल छोड़कर रिश्तेदारों के घर चली गई। मृतक के परिवार को बार-बार जान से मारने की धमकी मिल रही थी।
विज्ञापन
ब्रह्मदेव साह के अनुसार, संजय पासवान लगातार उनके परिवार से दहेज की मांग कर रहा था और पैसे न देने पर धमकी देता था। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय पासवान ने ही उनके बेटे नारद साह की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
दामाद से होगी पूछताछ
इस मामले में पुलिस ने संजय पासवान और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नारद साह ने खुदकुशी की या फिर उसकी हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि संजय पासवान से पूछताछ की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सबूत जुटाने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने में लगी हुई है। वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे प्रदर्शन करेंगे।