Bihar News: कपड़ा व्यवसायी का अपहरण! सड़क किनारे मिली बाइक और चप्पल; जांच में जुटे एडिशनल एसपी
सीतामढ़ी के बेला थाना क्षेत्र से एक प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी के संदिग्ध अपहरण का मामला सामने आया है। दुकान बंद कर घर लौटते समय लापता हुए व्यवसायी की बाइक और चप्पल सड़क किनारे बरामद हुई है। पुलिस फिरौती समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और व्यवसायी की तलाश में जुटी है।
विस्तार
सीतामढ़ी से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेला थाना क्षेत्र से एक प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण कर लिया गया है। अपहृत व्यवसायी की पहचान खैरवा गांव निवासी राजकिशोर चौधरी के रूप में हुई है। राजकिशोर चौधरी पिछले 30 वर्षों से नोचा चौक पर अपनी प्रसिद्ध 'मनपसंद कपड़ा दुकान' का संचालन कर रहे हैं। सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद जब वे अपने घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
फिरौती के लिए अपहरण की आशंका, डकैती से भी जुड़ रहे तार
व्यवसायी के भाई रंजीत कुमार चौधरी ने बेला थाना में अपने भाई के अपहरण की आशंका जताते हुए एक लिखित आवेदन दिया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह अपहरण फिरौती (रंगदारी) के लिए किया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक परिवार को फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आया है।
इस घटना ने परिवार की पुरानी यादें भी ताजा कर दी हैं, क्योंकि वर्ष 2020 में भी राजकिशोर चौधरी के घर पर डकैती की एक बड़ी वारदात हुई थी। ऐसे में इस मामले के तार पुराने अपराधियों से जुड़े होने की भी आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
काफी खोजबीन के बाद नोचा चौक से करीब 200 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे व्यवसायी की मोटरसाइकिल और उनकी चप्पल बरामद हुई है। सुनसान रास्ते पर लावारिस हालत में मिली इन वस्तुओं को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: राबड़ी आवास विवाद पर सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा हमला, बोले- सरकारी बंगला किसी की जागीर नहीं
अपहरण की इस हाई-प्रोफाइल वारदात की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आशीष आनंद स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की कमान संभाल ली। एडिशनल एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से गहन जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और सुराग जुटाने के लिए इलाके के विभिन्न स्थानों पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कपड़ा व्यवसायी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।