Railway: दानापुर-हैदराबाद के बीच चलेगी समर स्पेशल, मदार से पटना के लिए भी विशेष गाड़ी; इन ट्रेनों का रूट बदला
Railway: रेलवे ने गर्मियों में भीड़ को देखते हुए चर्लपल्ली-दानापुर के बीच समर स्पेशल ट्रेन (07419/07420) चलाने का फैसला किया है, जो 31 मई से 30 जून तक हर सप्ताह चलेगी। मदार से पटना के लिए एक विशेष ट्रेन 30 मई को चलेगी। 31 मई को रायबरेली रूट पर ब्लॉक के कारण अर्चना एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा मेल और नीलांचल एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया है। यात्रीगण इस खबर को पढ़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दानापुर और हैदराबाद के चर्लपल्ली स्टेशन के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन डीडीयू (पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन), जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह और काजीपेट जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। स्पेशल ट्रेन का संचालन गाड़ी संख्या 07419/07420 के तहत किया जाएगा, जिसका समय और ठहराव पहले से तय कर दिया गया है।
चर्लपल्ली से दानापुर के लिए गाड़ी संख्या 07419 प्रत्येक शनिवार को 31 मई से 28 जून 2025 तक चलेगी। यह ट्रेन चर्लपल्ली स्टेशन से दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर खुलेगी और अगले दिन रविवार की रात 9 बजकर 40 मिनट पर डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद यह रात 11 बजे बक्सर और 11 बजकर 40 मिनट पर आरा में रुकेगी। फिर सोमवार की सुबह 1 बजे यह दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 07420 दानापुर से चर्लपल्ली के लिए हर सोमवार को 2 जून से 30 जून 2025 तक चलेगी। यह ट्रेन दानापुर से दोपहर 2 बजे खुलेगी और आरा, बक्सर होते हुए शाम 5 बजकर 55 मिनट पर डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद यह अगले दिन मंगलवार की रात 11 बजकर 40 मिनट पर चर्लपल्ली पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मनिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, पिपरिया, इटारसी, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेगमपल्ली, पेड्डापल्ली और काजीपेट स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस समर स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के आराम और सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है। इसमें प्रथम वातानुकूलित श्रेणी के दो कोच, द्वितीय वातानुकूलित के तीन, तृतीय वातानुकूलित के दो, शयनयान श्रेणी के 13, सामान्य श्रेणी के दो और दो एसएलआर (गार्ड यान) कोच शामिल होंगे।
मदार से पटना के लिए विशेष ट्रेन
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मदार जंक्शन (अजमेर) से पटना के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 30 मई 2025 को एक बार के लिए चलाई जाएगी। इसका उद्देश्य यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देना है, ताकि उन्हें सफर में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09601 मदार जंक्शन–पटना वन-वे स्पेशल 30 मई को सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर मदार जंक्शन से रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से रवाना होकर यह ट्रेन शाम 3 बजकर 20 मिनट पर सवाई माधोपुर और रात 7 बजकर 45 मिनट पर आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यह रात 9 बजकर 30 मिनट पर टुंडला पहुंचेगी।
अगले दिन यानी 31 मई को सुबह 5 बजे यह ट्रेन प्रयागराज पहुंचेगी। वहां से चलकर यह सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन, 9 बजकर 3 मिनट पर बक्सर और 10 बजकर 10 मिनट पर आरा स्टेशन पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर रुकने के बाद यह विशेष ट्रेन दोपहर 12 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
पढ़ें: सड़क हादसे में महिला की मौत, मोबाइल फोन के आधार पर हुई पहचान; परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
31 मई को ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें बदलेंगी रास्ता
लखनऊ मंडल के उतरेटिया-रायबरेली रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 152 और 188 पर एलएचएस (लूप होल स्ट्रक्चर) के लॉन्चिंग का कार्य 31 मई को किया जाएगा। इसके लिए रेलवे द्वारा इसी दिन आठ घंटे का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक की वजह से इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, पटना जंक्शन से 31 मई को चलने वाली 12355 अर्चना एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन अब मॉं बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, सुलतानपुर होते हुए उतरेटिया तक पहुंचेगी। इस वजह से ट्रेन अमेठी, जायस और रायबरेली स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसी तरह 30 मई को अमृतसर से चलने वाली 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल को उतरेटिया, सुलतानपुर और मॉं बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन के रास्ते चलाया जाएगा। हावड़ा से 30 मई को रवाना होने वाली 13005 हावड़ा-अमृतसर मेल का रास्ता भी बदला गया है। यह ट्रेन अब प्रतापगढ़ जंक्शन, सुलतानपुर और उतरेटिया के रास्ते जाएगी।
इसके अलावा, 30 मई को पुरी से चलने वाली 12875 नीलांचल एक्सप्रेस को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों से ले लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।