फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Muzaffarpur News ›   Punaura Dham: Foundation stone laying ceremony of Mata Sita temple in Sitamarhi: Amit Shah Nitish Kumar, NDA

Bihar : जानकी मंदिर का भूमि पूजन कर क्या बोले अमित शाह? सीएम नीतीश ने किया अभिनंदन

Fri, 08 Aug 2025 03:17 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी Published by: आदित्य आनंद Updated Fri, 08 Aug 2025 03:17 PM IST
सार

Punaura Dham Mandir : केंद्रीय गूह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर का भूमिपूजन किया। सीएम नीतीश कुमार शिलान्यास व भूमि पूजन में उनके साथ रहे। शाह ने सीतामढ़ी से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।

विज्ञापन
Punaura Dham: Foundation stone laying ceremony of Mata Sita temple in Sitamarhi: Amit Shah Nitish Kumar, NDA
पुनौरा धाम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

"सियावर राम चंद्र की... जय! आज इस पवित्र कार्यक्रम में उपथित संतगण को प्रणाम करता हूं।" केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी में पुनौरा धाम मंदिर के भूमिपूजन-शिलान्यास के बाद कहा कि मिथिलांचल-सीतामढ़ी ही नहीं, बिहार, देश और दुनिया के लिए यह शुभ दिन है। उन्होंने कहा माता सीता का जन्म जहां हुआ, उस पुनौराधाम मंदिर में यह काम हो रहा है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार का अभिनंदन करते हुए कहा कि बिहार सरकार ने इस धाम के विकास का बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि आज मैं यहां आया हूं तो एक बात बताना चाहता हूं कि यह जो हमारा मिथिलांचल है, यह मिथिला की ही संस्कृति नहीं है। यह भारतीय संस्कृति का अनन्य गहना है। यहां अकाल के दौर में राजा जनक ने हल चलाया तो मां जानकी प्रकट हुईं। उस दिन बारिश के लिए राजा जनक ने हल चलाया था और आज भूमि पूजन पर भी बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि 890 करोड़ रुपए की लागत से यहां मां जानकी का भव्य स्मारक और मंदिर बन रहा है। 137 करोड़ रुपए मौजूदा मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए खर्च होगा। शाह ने मंदिर में किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा की।

विज्ञापन


लालू एंड कंपनी और कांग्रेस संसद में ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रही- अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर की भी चर्चा की। उन्होंने कहा- "भारत की सुरक्षा के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटिबद्ध हैं। एक जमाने में कांग्रेस का शासन था तो देश भर में बम धमाके होते थे। बम धमाके करके पाकिस्तान भाग जाते थे आतंकवादी। कोई पूछने वाला नहीं होता था। मोदीजी की सरकार तो उड़ी हमले के जवाब में हमने सर्जिकल स्ट्राइक किया। पुलवामा में हमला किया तो हमने एयर स्ट्राइक किया। पहलगाम में हमला किया तो ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया। और यह कांग्रेस पार्टी और लालू लालू एंड कंपनी पार्लियामेंट में ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रही है। मैं पूछने आया हूं मिथिलांचल वालों से कि मोदी जी को आतंकवादी को जवाब देना चाहिए या नहीं चाहिए? ऑपरेशन सिंदूर करना चाहिए या नहीं चाहिए? लालू एंड कंपनी को मालूम नहीं है कि नरेंद्र मोदी की सरकार है, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार है। यहां पर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का किसी को अधिकार नहीं है।
विज्ञापन


घुसपैठिए बिहारियों की नौकरी खा जाएंगे, SIR के जरिए उन्हें निकालने से रोक रहे लालू
बिहार में चुनाव आने वाला है। मैं यहां आया, उसके पहले अखबार भरे पड़े हैं कि SIR होना चाहिए या नहीं? मैं जनता से पूछना चाहता हूं कि घुसपैठियों को मतदाता सूची से निकालना चाहिए या नहीं निकालना चाहिए? चुनाव आयोग को SIR करना चाहिए या नहीं करना चाहिए? मुझे बताएं लालू प्रसाद किसे बचाना चाहते हैं? आज तक चुनाव आयोग को उनकी पार्टी ने एक भी ऑब्जेक्शन नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी ने एक भी ऑब्जेक्शन नहीं दिया। और आप बचाना किसको चाहते हो? जो बांग्लादेश से आकर मेरे बिहार के युवाओं की नौकरी खा जाते हैं, उन्हें बचाना चाहते हो? मुझे बताओ मिथिलांचल वालो, SIR के जरिए मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना चाहिए या नहीं निकालना चाहिए?
विज्ञापन
विज्ञापन


राहुल गांधी को निशाने पर लिया, बिहार के लिए किया काम बताया
राहुल जी, बंद कीजिए वोट बैंकों की राजनीति। मतदाता पुनरीक्षण पहली बार नहीं हो रहा। आपके परनाना नेहरु जी ने पहली बार किया था। 2003 अंतिम बार हुआ था। पहले से ही बिहार चुनाव हारने का बहाना तैयार कर रहे हैं। मेरे आने की सूचना थी तो सवाल पूछ रहे थे। मैं बनिया का बेटा हूं। आने-आने का हिसाब रखता हूं। मोदीजी ने पिछले छह दौरों में 83 हजार करोड़ रुपए बिहार के विकास के लिए दिया गया है। मिथिलांचल की बात.. सीतामढ़ी का नेशनल हाइवे 527 पूरा कंक्रीट का बन रहा है। ऐसा रोड कि विमान भी उतर सके। 2400 करोड़ से सीतामढ़ी-सुरसंड-जयनगर-निर्मली रेलखंड बन रहा है। 474 करोड़ से सीतामढ़ी-जयनगर-नरैया रोड का दोहरीकरण हो रहा है। 201 करोड़ से बहारगांव-सुरसंड रोड का काम हो रहा। 1600 करोड़ से एनएच 31 पर 140 किलोमीटर लंबे खगड़िया-पूर्णिया खंड का निर्माण हो रहा है। 1740 करोड़ से कई सारी रेल योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने पूरी सूची पढ़ते हुए कहा कि अभी समाप्त नहीं हुआ है, सुनते जाइए। सूची पढ़ने के बाद उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा काम... आज सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर का शिलान्यास भी कर दिया है। आप मेरा हिसाब मांग रहे थे?

तेजस्वी यादव से अमित शाह ने पूछा यह सवाल
आज यहां से तेजस्वी यादव से पूछने आया हूं कि आपके पिताजी और माताजी का कई साल शासन रहा। गुंडई करने के अलावा, अपहरण-फिरौती के अलावा मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया? मैंने तो मोदीजी की ओर से आने-पाई का हिसाब दे दिया। कुछ किया हो तो यहीं मैदान में आकर जवाब दीजिए और मां जानकी का आशीर्वाद लीजिएगा, आपका उद्धार होगा। अंत में फिर से पूछना चाहता हूं कि बिहार चुनाव से पहले घुसपैठियों को निकालना चाहिए या नहीं? जो भारत में जन्मा नहीं है, उसे वोट करने का अधिकार भारत का संविधान नहीं देगा। राहुल बाबा आप संविधान लेकर घूम रहे हो, तनिक उसे खोलकर पढ़ भी लो। घुसपैठियों को चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं होना है। वह एसआईआर का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि घुसपैठिये उनका वोट बैंक है। मैं भी मोदीजी के साथ बिहार की बैठकें ले रहा हूं, घूम रहा हूं... मुझे स्पष्ट दिख रहा है कि बिहार में आने वाले दिनों में पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने वाली है।

शाह ने सीता माता से जुड़े मंदिर की खासियत बताई
अमित शाह ने कहा कि इस परियोजना में वाल्मीकिनगर में 52 करोड़ से, 31 करोड़ से मधुबनी फुलहर स्थान, 24 करोड़ से सीतामढ़ी के पंथपाकर,  23 करोड़ से अहिल्यास्थान, 13 करोड़ से रामरेखा घाट और 7 करोड़ से मुंगेर-गया के सीताकुंड के विकास का भी काम यह सरकार करने वाली है। राम-सीता की जहां भेंट हुई थी, वहां से लेकर उनसे जुड़े हर स्थान का पुनर्जीवन किया जाएगा। आदर्श बेटी, आदर्श पत्नी, आदर्श मां और आदर्श राजमाता का उदाहरण हैं माता सीता। 

लालू को निशाने पर लिया, रेल मंत्री का अभिनंदन
बिहार के रेल के विकास के लिए हर साल 1132 करोड़ रुपए खर्च करते थे तब के रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव। हर साल। हमारे मोदी जी की सरकार में सिर्फ 25-26 में 10 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट सिर्फ बिहार में रेल के विकास के लिए दिया है। सीतामढ़ी-नई दिल्ली अमृत भारत के लिए उन्होंने पीएम मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का भी अभिनंदन किया। आज मां जानकी की जन्मभूमि पर मंदिर बनने जा रहा है। यह मिथिलांचल और बिहार के भाग्योदय की शुरुआत हुआ। राजा जनक से मुनि अष्टावक्र की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि यहां से विद्या के नए युग की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि स्व. शारदा सिन्हा को मिले पद्म पुरस्कारों की चर्चा की। मैथिली को अष्टम सूची में शामिल करने के लिए भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया।

भूमिपूजन के बाद सीएम नीतीश कुमार ने क्या कहा?
शुक्रवार को इससे पहले श्रीराम मंदिर की तरह ही माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम में आज भव्य शिलान्यास किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुनौरा धाम के मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ शिलान्यास और भूमि पूजन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सभी लोगों को हाथ उठाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई देना चाहिए कि वह इस नई योजना का शिलान्यास कर रहे हैं। अयोध्या से सीतामढ़ी जाने का रास्ता बनवाने के लिए हाथ जोड़कर बधाई देना चाहिए। सीएम नीतीश ने कहा कि 2005 से हम लगातार विकास कर रहे हैं। उसके पहले कहीं कुछ नहीं था। शाम के बाद कोई घर के बाहर नहीं जाते थे। जाने-आने का रास्ता नहीं था। हमलोगों को मौका मिला तो लगातार हर तरह से विकास किया। 

मुख्यमंत्री ने फ्री बिजली के साथ सामाजिक पेंशन योजना के पैसे बढ़ाए जाने और मानदेय बढ़ाए जाने की चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिजली पहले सब्सिडी में दे रहे थे। अब राज्य सरकार मुफ्त बिजली देने जा रही है। अपनी यात्रा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा- "यात्रा के दौरान यहां भी आए थे। जहां भी कोई दिक्कत-परेशानी है, उसका काम कराएंगे। अब 430 नई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। 50 हजार करोड़ खर्च हो रहा है, ताकि सारे काम हो सकें। केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार के लिए बहुत कुछ हो रहा है। बिहार के विकास में केंद्र सरकार द्वारा पूरा सहयोग किया गया। इन्होंने जुलाई 24 के बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि की घोषणा की। फिर सरकार बनने के बाद फरवरी 25 में जो बजट पेश हुआ तो मखाना बोर्ड से लेकर बाढ़ के नजरिए से कई काम कराने की घोषणा की गई। खेलो इंडिया गेम्स बिहार को भी दिया गया। हम तो केंद्र सरकार का नमन करते हैं, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नमन करते हैं। हम इस कार्यक्रम में पधारे आदरणीय गृह मंत्री अमित शाह जी का अभिनंदन करते हैं।"

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ मिलकर निर्माण स्थल पर भूमि पूजन और शिलापट्ट का अनावरण किया गया। अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों का अभिनन्दन किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने अमित शाह को अंग वस्त्र से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 
यह खबर भी पढ़ें-Sita Ram Mandir: अयोध्या श्री राम मंदिर के बाद अब पुनौरा धाम का ऐश्वर्य दिखेगा; माता सीता का जन्म स्थान देखें

सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे
गृह मंत्री शाह सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवित्र स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के लिए मंजूरी दी थी। शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, आज पूरे देश के लिए और विशेषकर मिथिलांचल के लिए अत्यंत शुभ और आनंदमय दिन है, जब बिहार के सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मस्थली पर पवित्र पुनौरा धाम मंदिर और उसके परिसर के व्यापक विकास योजना की आधारशिला रखी जाएगी।


'सीता रसोई' की ओर से निःशुल्क भोजन (प्रसाद) की व्यवस्था
जानकी मंदिर के शिलान्यास अवसर पर देशभर से आने वाले संतों के लिए महावीर मंदिर द्वारा संचालित 'सीता रसोई' की ओर से निःशुल्क भोजन (प्रसाद) की विशेष व्यवस्था की गई है। शिलान्यास समारोह आज 8 अगस्त को आयोजित होगा। इस मौके पर भक्तों के बीच 12 हजार नवैद्यम लड्डुओं का वितरण भी किया जाएगा। यह जानकारी बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद व महावीर मंदिर न्यास समिति के सदस्य सायन कुणाल ने दी। उन्होंने बताया कि संतों के लिए खीर, कचौड़ी, सब्जी, चटनी, रोटी और बिना चीनी की खीर का विशेष प्रसाद तैयार किया गया है। भोजन की व्यवस्था महंत कौशल किशोर दास के आवासीय परिसर में की गई है, जहां लगभग 1500 से 2000 संतों के पहुंच रहे। 
यह भी पढ़ें:  राम मंदिर से 5 फीट छोटा होगा सीता मंदिर

गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय ने यह क्या कह दिया

शाह और नीतीश के मंच पर आने से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आज बहुत घर में खाना नहीं बना होगा। उन्होंने संबोधित करते विपक्षियों को निशाना बनाते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी में उन राक्षसों का वध करेंगे, जो धर्म पर उंगली उठाएंगे। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा- मंदिर तो सरकार बना रही है। अब सीतामढ़ी में कोई दंगा न कराए, यह भी हम सभी सनातनी को देखना होगा। हम मां सरस्वती को पूजते हैं तो हम मां भवानी को भी पूजते हैं। यह याद रखा जाना चाहिए। भूमिपूजन के बाद गृह मंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार भी पहुंचे।बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल समेत अन्य उपस्थित हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed