Bihar News: मुजफ्फरपुर की मेयर को चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, दो वोटर आईडी से जुड़ा हुआ है मामला
मुजफ्फरपुर की मेयर और भाजपा नेत्री निर्मला साहू को दो अलग-अलग मतदान केंद्रों पर नाम दर्ज होने और दो EPIC कार्ड रखने के आरोप में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी (ARO) ने नोटिस जारी किया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर नगर निगम की मेयर और बीजेपी नेत्री निर्मला साहू के नाम पर दो अलग-अलग वोटर आईडी कार्ड दर्ज होने का मामला सामने आया है। इस मामले में जिला निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए 16 अगस्त शाम 5 बजे तक अपना पक्ष रखने का समय दिया है। नोटिस के मुताबिक, 1 जुलाई 2025 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक सूची में मुजफ्फरपुर (94) विधानसभा क्षेत्र के दो अलग-अलग मतदान केंद्रों पर उनका नाम दर्ज है और दोनों पर अलग-अलग ईपिक नंबर हैं।
पढ़ें: 'बेहतर बिहार संवाद' कार्यक्रम का हुआ आयोजन, शामिल होने पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा
मेयर ने सफाई में क्या कहा
मेयर निर्मला साहू ने कहा कि वह हमेशा केदारनाथ रोड स्थित अपने आवास के पास राजकीय मारवाड़ी मध्य विद्यालय, पुरानी बाजार में ही मतदान करती रही हैं। आवेदा हाई स्कूल के मतदान केंद्र पर उनका नाम कैसे जुड़ गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
क्या है तेजस्वी यादव का आरोप
पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि निर्मला साहू के नाम पर दो अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि पहले पहचान पत्र में उनका नाम राजकीय मारवाड़ी मध्य विद्यालय, पुरानी बाजार नगर क्षेत्र, मुजफ्फरपुर उत्तर, भाग क्रमांक 664 में दर्ज है, जिसका ईपिक नंबर REM1251917 है और उम्र 48 वर्ष अंकित है। वहीं, दूसरे पहचान पत्र में नाम आवेदा उच्च विद्यालय, तिनकोठिया, चंदवारा पूर्वी, भाग संख्या 618 में दर्ज है, जिसका ईपिक नंबर GSB1835164 है और उम्र 50 वर्ष लिखी गई है।
