Bihar Accident: बेकाबू कार ने दो बाइक को मारी टक्कर, छह लोग हुए घायल; तीन को किया गया रेफर
Bihar: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी और सामने से आ रही दो बाइकों से भिड़ गई। एक बाइक से आमने-सामने टक्कर हुई, जबकि दूसरी बाइक को साइड से टक्कर लगी।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर–पूसा रोड पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से तीन लोगों को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घायलों में मोहम्मद कुडुश आलम (45 वर्ष), निवासी मणिका (मुजफ्फरपुर), हरीश कुमार (34 वर्ष), निवासी रामदयालु नगर रोड (सदर थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर) और यशवंत कुमार (30 वर्ष), निवासी हाजीपुर, शामिल हैं। बाकी दो स्थानीय लोगों को हल्की चोट आई है।
पढ़ें: मुख्य सचिव ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर कानून व्यवस्था को लेकर की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी और सामने से आ रही दो बाइकों से भिड़ गई। एक बाइक से आमने-सामने टक्कर हुई, जबकि दूसरी बाइक को साइड से टक्कर लगी। घटना में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर मुसहरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर लिया। मुसहरी थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार महतो ने बताया कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। तीन को रेफर किया गया है, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।