Bihar: स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 342 लोग पकड़े गए; 190 अभियुक्त जेल भेजे गए
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 342 लोगों को पकड़ा है। इनमें से 190 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन करने के साथ संदिग्ध सामग्री की भी जांच कर रही है।
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कुल 342 लोगों को पकड़ा है। इस कार्रवाई में 190 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य से पूछताछ और उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। जिला पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष समकालीन अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस को अलर्ट पर रखा गया था। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई पूर्वी अनुमंडल पुलिस क्षेत्र में की गई, जहां अकेले 72 लोगों को पकड़ा गया। इसके अलावा पश्चिमी और नगर अनुमंडल क्षेत्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भी लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, उनके आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध सामग्री भी बरामद की है।
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: सरकार की मदद की घोषणा पर मां ने कहा- परिवार की पहली प्राथमिकता न्याय है
पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कुल 342 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें से 190 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि पूर्वी पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में सबसे अधिक गिरफ्तारी की गई है। पकड़े गए अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने देर रात ब्रह्मपुरा थाना और फकुली थाना का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस की ओर से लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। आगे भी इस तरह के विशेष अभियान चलाए जाएंगे।