बिहार: मुजफ्फरपुर में अवैध खाद फैक्टरी का भंडाफोड़, 208 बोरियां और दो पिकअप जब्त; महिला समेत दो गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में पुलिस ने अवैध खाद निर्माण और भंडारण के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई में अंजन कुमार और गीता देवी गिरफ्तार हुए। पुलिस ने 208 खाद की बोरियां, दो पिकअप वाहन और अन्य सामग्री जब्त की।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने अवैध खाद के निर्माण, भंडारण और बिक्री के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से अवैध खाद की 208 बोरियां, दो पिकअप वाहन और खाद बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री जब्त की गई है। एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में कुछ लोग अवैध रूप से खाद का निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी मुजफ्फरपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-2 के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इसमें जिला आसूचना इकाई और बरियारपुर थानाध्यक्ष को भी शामिल किया गया।
पढे़ं: पीएम मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी से भड़के सीएम सम्राट, राहुल समेत कांग्रेस पार्टी से माफी की मांग
गठित टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान अंजन कुमार और गीता देवी को गिरफ्तार किया गया। दोनों बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहन, अवैध खाद की 208 बोरियां और खाद निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। बरामद सामग्री में रंग के 14 पीस, तीन बाल्टी, 10 धागे, दो मग, दो कुदाल, एक इलेक्ट्रिक तराजू और 601 खाली बोरियां शामिल हैं।
एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।