Bihar News: सिटी पार्क में रील बना रही युवती से छेड़खानी, डायल 112 ने बचाया, एक आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के सिटी पार्क में रील बना रही युवती से मनचलों द्वारा सरेआम छेड़खानी और पीछा करने का मामला सामने आया। युवती ने डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य फरार हो गए।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सिटी पार्क में रील बना रही एक युवती से छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके में स्थित सिटी पार्क की है, जहां कुछ मनचलों ने युवती के साथ सरेआम अभद्रता की। युवती के विरोध करने पर आरोपियों ने उसका पीछा भी किया, जिसके बाद डायल 112 पर कॉल कर उसने अपनी जान बचाई। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी टीम के साथ सिटी पार्क में गाने पर रील बना रही थी। इसी दौरान कंपनीबाग रोड निवासी एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवती पर फब्तियां कसने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अन्य साथी मौके से फरार
खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए युवती पार्क से निकलकर कचहरी परिसर की ओर भागी, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करते रहे। पुराने एसपी ऑफिस के पास युवती को घेर लिया गया। इसी बीच युवती ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन डायल 112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- Lalu Yadav : लालू यादव के हर मकान पर विवाद क्यों? तब बिहार के सबसे आलीशान 'हाउस' का मालिक नहीं आया था सामने
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, इस मामले में थाना स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौते की भी चर्चा सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।