बिहार: मुजफ्फरपुर में लूट की बड़ी साजिश नाकाम, मास्टरमाइंड समेत पांच शातिर गिरफ्तार; हथियार-बाइक बरामद
मुजफ्फरपुर के सरैया में पुलिस ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर दो देशी पिस्टल, कारतूस, लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में कई लूटकांडों का खुलासा हुआ है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना की पुलिस ने अपराध की एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया है। घात लगाए करीब आधा दर्जन अपराधी फिर से जुटे थे। इसकी भनक पुलिस को लगी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए अपराधियों के पास से हथियार और कारतूस के अलावा लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनका पूर्व से कई आपराधिक इतिहास रहा है। पकड़े गए आरोपियों में इस गिरोह के मास्टरमाइंड अभिषेक कुमार और रिकेश कुमार हैं, जिनके द्वारा इस गिरोह का संचालन किया जा रहा था। इस गिरोह के द्वारा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया था, जिसमें सीएसपी केंद्र में घुसकर लूट भी शामिल है।
विशेष टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ा
दरअसल, सरैया थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मियों के द्वारा सरैया थाना क्षेत्र के अजीजपुर इलाके में एक सुनसान जगह पर लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही है। इस सूचना के बाद बनाई गई विशेष टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से दो देशी पिस्टल, कारतूस, लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों के पूर्व से कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी पूछताछ के दौरान सामने आई है।
इनके गिरोह के द्वारा ही सरैया थाना क्षेत्र, करजा थाना क्षेत्र और जैतपुर थाना क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इस दौरान पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में वैशाली जिले में एक लूट की घटना की जानकारी भी मिली है। इसके साथ ही गिरोह में कितने सदस्य हैं, इसकी जानकारी आसपास के जिलों से जुटाई जा रही है।
पुलिस के द्वारा पकड़े गए अपराधकर्मियों की पहचान अभिषेक कुमार, रिकेश कुमार और राहुल कुमार, पानापुर करियात थाना क्षेत्र, के अलावा अमिकेश कुमार और अविनाश कुमार, सरैया थाना क्षेत्र, के निवासी के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें- पीजी मेडिकल-डेंटल छात्रों के लिए खुशखबरी: बिहार सरकार ने बढ़ाया मासिक वजीफा, पहले साल में अब मिलेंगे इतने रुपये
एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया
पूरे मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि लूटपाट करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा गया है। इनके पास से लूट की बाइक, लूटा गया मोबाइल फोन, इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई दो देशी पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
पकड़े गए अपराधकर्मियों में से इस गिरोह का मास्टरमाइंड अभिषेक कुमार है और वह इस गिरोह को चला रहा था, यानी इसका नेतृत्व कर रहा था। पकड़े गए अपराधियों से पूछताछ में एक साथ कई कांड का खुलासा किया गया है। इस मामले में आसपास के जिलों की पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हथियार-बाइक बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।