फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar vaishali raghopur jurawanpur newly married woman dowry death husband absconding police investigation

बिहार न्यूज: दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, चार माह पहले हुई थी शादी; पति फरार

Mon, 26 Oct 2026 10:17 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो Updated Mon, 26 Oct 2026 10:17 AM IST
सार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड के वीरपुर पंचायत में 19 वर्षीय नवविवाहिता अंजली कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति शंकर राम पर दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
Bihar vaishali raghopur jurawanpur newly married woman dowry death husband absconding police investigation
मृतका अंजली कुमारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में रविवार की अहले सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति पर दहेज में चार पहिया वाहन नहीं मिलने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

विज्ञापन

चार माह पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के चकसिंगार गांव निवासी शंकर राम की 19 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अंजली की शादी करीब चार माह पहले वीरपुर निवासी शंकर राम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम से हुई थी। मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि शादी में परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर डेढ़ लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दहेज में दिया था। परिवार को उम्मीद थी कि अंजली अपने ससुराल में खुशहाल जीवन बिताएगी, लेकिन आरोप है कि शादी के करीब 15 दिन बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।

विज्ञापन

चार पहिया वाहन की मांग को लेकर मारपीट का आरोप

राहुल कुमार के अनुसार, शादी के बाद अंजली का पति शंकर राम दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर अंजली के साथ रोज मारपीट की जाती थी। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि उसे ठीक से खाना-पीना तक नहीं दिया जाता था। परिजनों ने कई बार पंचायत कराकर मामला सुलझाने की कोशिश की। राहुल ने बताया कि उन्होंने अपने बहनोई को समझाया था कि फिलहाल उनके पास पैसे नहीं हैं, लेकिन व्यवस्था होने पर गाड़ी दे देंगे। इसके बावजूद वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

मृतका के भाई ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब 11 बजे शंकर राम ने फोन कर धमकी दी थी। राहुल के मुताबिक, बहनोई ने कहा था कि रविवार सुबह आकर अंजली को ले जाओ। अगर दो लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वह अंजली को जान से मार देगा। इस धमकी के बाद परिवार के लोग सहम गए थे।

सुबह मिली मौत की सूचना, गले पर मिले काले निशान

रविवार अहले सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों के माध्यम से मायके वालों को सूचना मिली कि अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इसके बाद परिजन आनन-फानन में वीरपुर पहुंचे। वहां उन्होंने अंजली का शव घर के बाहर आंगन में पड़ा देखा। परिजनों के अनुसार, उसके गले पर रस्सी या हाथ से दबाने जैसे गहरे काले निशान थे।

शव को बोरे में भरकर ले जाने की तैयारी का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, अंजली का पति शंकर राम शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। आरोप है कि वह शव को बोरे में भरकर ले जाने की तैयारी में था। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर उस पर पड़ गई। महिलाओं के शोर मचाने पर वहां भीड़ जुट गई। ग्रामीणों को आते देख आरोपी पति शव को दरवाजे पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया।

पुलिस और एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच के लिए हाजीपुर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के गले पर जख्म के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मायके पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed