{"_id":"6a93bc0b7937dfe54305fa54","slug":"bihar-vaishali-bpsc-teacher-commits-suicide-by-hanging-in-a-rented-house-police-investigate-hajipur-news-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1236-4666680-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार : बीपीएससी शिक्षिका ने जान दी, यूपी निवासी महिला ने किराये के कमरे में कैसे-क्यों फंदे पर झूलती मिली?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार : बीपीएससी शिक्षिका ने जान दी, यूपी निवासी महिला ने किराये के कमरे में कैसे-क्यों फंदे पर झूलती मिली?
Sun, 30 Aug 2026 11:04 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली/कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली/कानपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 11:04 AM IST
सार
वैशाली के चेहराकलां प्रखंड में 27 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका मधु पाल की मौत से सनसनी फैल गई। उनका शव शनिवार देर रात विद्यालय के पास स्थित किराये के मकान में पंखे से लटका मिला।
विज्ञापन
मृतक शिक्षका का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वैशाली: जिले के चेहराकलां प्रखंड के कटहरा थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका की मौत से सनसनी फैल गई। उत्क्रमित मध्य विद्यालय चेहराकलां में पदस्थापित शिक्षिका मधु पाल का शव शनिवार देर रात विद्यालय के पास स्थित उनके किराये के मकान में पंखे से लटका मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा, जहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को पीएमसीएच रेफर किए जाने की बात सामने आई है।
विज्ञापन
पति के फोन के बाद सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार, मधु पाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय चेहराकलां के पास ललन श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहती थीं। रक्षाबंधन की छुट्टी के बाद शनिवार को वह निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचीं और शिक्षण कार्य किया। करीब एक बजे विद्यालय की छुट्टी के बाद वह अपने किराये के मकान पर लौट आई थीं।
विज्ञापन
शाम के समय मधु के पति ने मकान मालिक ललन श्रीवास्तव को फोन किया। पति ने बताया कि मधु उनका फोन रिसीव नहीं कर रही हैं और उनसे बात कराने के लिए कमरे पर जाकर देखने का अनुरोध किया। इसके बाद मकान मालिक कमरे के पास पहुंचे और दरवाजा बंद देखकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
विज्ञापन
खिड़की से देखा तो पंखे से लटका था शव
कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा। वहां मधु पाल का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल कटहरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कटहरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसी दौरान फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
एक साल पहले स्कूल में किया था योगदान
बताया गया है कि मधु पाल ने करीब एक वर्ष पहले उत्क्रमित मध्य विद्यालय चेहराकलां में योगदान किया था। वह उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र के मसवानपुर गांव निवासी अशोक कुमार पाल की पुत्री थीं। करीब तीन महीने पहले मधु पाल ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के सरसई गांव निवासी हरिश्चंद्र पाल के पुत्र गौरव कुमार पाल के साथ प्रेम विवाह किया था।
प्रेम विवाह को लेकर परिजनों ने जताई थी आपत्ति
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मधु पाल के प्रेम विवाह की जानकारी सामने आने के बाद उनके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य विद्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि परिजनों ने उस समय मधु से प्रेम विवाह नहीं करने की बात कही थी। फिलहाल शिक्षिका की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।