Bihar: मुजफ्फरपुर में शंकराचार्य करेंगे शंखनाद, गौ रक्षा पदयात्रा से करेंगे संकल्प की शुरुआत; होगा संवाद
Bihar Election: शंकराचार्य ने घोषणा की है कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर ऐसे उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे, जो गायों की रक्षा के समर्थक और पक्षधर हों। उन्होंने कहा कि गौ भक्त निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर धार्मिक और सामाजिक माहौल भी गरमाने लगा है। इसी कड़ी में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ रक्षा संकल्प यात्रा का शंखनाद किया है।
शंकराचार्य ने घोषणा की है कि बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर ऐसे उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे, जो गायों की रक्षा के समर्थक और पक्षधर हों। उन्होंने कहा कि गौ भक्त निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे। साथ ही मतदाताओं से अपील की कि मतदान के समय हिंदू समाज गौ रक्षा को प्राथमिकता दे, तभी प्रदेश में गायों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि गायों की घटती संख्या समाज और संस्कृति के लिए चिंता का विषय है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पढ़ें: सीवान में 17 साल के छात्र की संदिग्ध अवस्था में मौत, कमरे में मिला शव; पूरे इलाके में सनसनी
आयोजक समिति के अनुसार, शंकराचार्य पांच अक्तूबर को शिवहर से मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे, जहां उनका जोरदार स्वागत होगा। इसके बाद शहर के विभिन्न मार्गों से जुलूस निकाला जाएगा। रात्रि विश्राम के उपरांत अगले दिन बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे पदयात्रा करते हुए गौशाला पहुंचेंगे। वहां गौ सेवा करने के बाद आम जनता और गौ रक्षकों से सीधा संवाद करेंगे और लोगों को गौ सेवा एवं संरक्षण का संकल्प दिलवाएंगे।