Bihar: लीची की ढुलाई के लिए पूर्व मध्य रेल की विशेष पहल, दिल्ली-मुंबई सहित देश भर में पहुंच रही बिहार की मिठास
Bihar's Famous Litchi: पूर्व मध्य रेल द्वारा इस वर्ष 15 मई 2024 से लीची की लोडिंग प्रारंभ की गई है। 26 मई 2024 तक 12 दिनों में पूर्व मध्य रेल के सोनपुर, समस्तीपुर और दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से लगभग 2,318 क्विंटल लीची दिल्ली, मुंबई, पूणे और बेंगलुरु आदि शहरों के लिए भेजा गया है।
विस्तार
रेलवे सस्ता, सुगम और तेजी से किसान उत्पादों का परिवहन कर उनकी आय की बढ़ोतरी में अहम भूमिका निभा रही है। इसी सिलसिले में पूर्व मध्य रेल के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पटना/पाटलिपुत्र आदि स्टेशनों से ट्रेन के जरिए उत्तर बिहार की प्रसिद्ध लीची को दिल्ली, मुंबई सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों तक नियत समय पर पहुंचाने के लिए पूर्व मध्य रेल द्वारा विशेष प्रबंध किया गया है।
पूर्व मध्य रेल द्वारा इस वर्ष 15 मई 2024 से लीची की लोडिंग प्रारंभ की गई है। 26 मई 2024 तक 12 दिनों में पूर्व मध्य रेल के सोनपुर, समस्तीपुर और दानापुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से लगभग 2,318 क्विंटल लीची दिल्ली, मुंबई, पूणे और बेंगलुरु आदि शहरों के लिए भेजा गया है। इससे रेलवे को 8.46 लाख रेल राजस्व के रूप में मिला है।
समस्तीपुर स्टेशन पर 11,062 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल पवन एक्सप्रेस में 3.9 टन का एसएलआर उपलब्ध कराया गया है। इसी तरह मुजफ्फरपुर स्टेशन से 20.05.2024 से पवन एक्सप्रेस में वीपी द्वारा प्रतिदिन 24 टन लीची की लोडिंग की सुविधा मुहैया कराई गई है। इससे यहां के लीची उत्पादक अपनी लीची कम लागत और तेज गति से मुंबई की ओर भेज रहे हैं। इससे व्यापारियों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।
व्यापारियों को लीची की लोडिंग में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए चौबीसों घंटे रेल कर्मी कार्यरत हैं। लीची व्यापारियों द्वारा सोनपुर मंडल के स्टेशनों पर लोडिंग के लिए 9771429999, समस्तीपुर मंडल के स्टेशनों पर लोडिंग के लिए 9771428963 और दानापुर मंडल के स्टेशनों पर लीची की लोडिंग के लिए 7759070004 नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।