Election 2025: ‘महुआ के बउआ हमहीं हैं, कहां जाएंगे’- तेज प्रताप का दावा वायरल, नई पार्टी से लड़ सकते हैं चुनाव
Bihar Elections 2025: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के वायरल वीडियो से संकेत मिल रहे हैं कि वे अपनी पुरानी विधानसभा सीट महुआ से चुनाव लड़ सकते हैं। वो भी नई पार्टी से, क्योंकि इस समय उनकी अपने परिवार और पार्टी संगठन से दूरी बनी हुई है।
विस्तार
बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज प्रताप महुआ विधानसभा क्षेत्र के कुछ स्थानीय लोगों से वीडियो कॉलिंग पर संवाद करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान वे कहते हैं कि महुआ के बउआ हमहीं हैं, कहां जाएंगे, जरूर आएंगे।
तेज प्रताप के इस बयान से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि वे अपनी पुरानी सीट महुआ विधानसभा से एक बार फिर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। लेकिन इस बार यह लड़ाई राजद के बैनर तले नहीं, बल्कि नई पार्टी या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में हो सकती है।
यह भी पढ़ें- Nitish Kumar: तेजस्वी यादव ने क्यों कहा- सीएम को मुद्दा पता नहीं; सदन में सीएम नीतीश कुमार ने आखिर क्या कहा था
महुआ से पुराना रिश्ता, 2015 में बने थे विधायक
तेज प्रताप यादव ने 2015 के विधानसभा चुनाव में महुआ सीट से राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी। फिर स्वास्थ्य मंत्री के रूप में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में शपथ ली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने महुआ को मेडिकल कॉलेज देने की घोषणा की थी, जो अब बनकर तैयार हो चुका है और क्षेत्र में उनकी एक मजबूत उपलब्धि के रूप में देखा जाता है।
2020 में काटा गया टिकट, शुरू हुई राजनीतिक दूरियां
हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया और मुकेश रोशन को महुआ से उम्मीदवार बनाया गया। तेज प्रताप को उस समय हसनपुर सीट से मैदान में उतारा गया, जहां से वे चुनाव जीत भी गए। लेकिन पार्टी के इस फैसले से तेज प्रताप और राजद नेतृत्व के बीच तनाव की शुरुआत मानी गई।
नई पार्टी की तैयारी, परिवार और संगठन से अलग राह
तेज प्रताप यादव इन दिनों न सिर्फ राजद नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं, बल्कि पारिवारिक मतभेदों के कारण भी सुर्खियों में हैं। अनुष्का यादव मामले के बाद वे पार्टी और परिवार दोनों से दूरी बना चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक वे जल्द ही नई राजनीतिक पार्टी बनाकर अपने दम पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं और इसकी शुरुआत महुआ विधानसभा सीट से हो सकती है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सीवान में फर्जी सिपाही गिरफ्तार, पुलिस लाइन में दूसरे के नाम पर ड्यूटी जॉइन करने पहुंचा युवक
महुआ के लोगों से बढ़ा रहे संपर्क, दिया भावनात्मक संदेश
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव महुआ के लोगों से यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि वे वहां पोखरा में स्नान करेंगे और जनता से मिलने आएंगे। तेज प्रताप यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि वे भले ही पार्टी से अलग हो चुके हों, लेकिन महुआ की जनता के दिलों से नहीं हटे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.