Bihar Accident: सड़क हादसे में बिहार पुलिस के जवान की मौत, तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी थी टक्कर
Bihar Accident: बताया जा रहा है कि हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बिहार पुलिस के जवान की मौत हो गई। यह दुर्घटना कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा एनएच-28 ओवरब्रिज के पास हुई। बताया गया कि जवान अपनी बाइक से मुजफ्फरपुर की ओर आ रहे थे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पढे़ं: आज इन 12 मंत्रियों का भाग्य EVM में हो जाएगा कैद, जानें हॉट सीट के क्या हैं सियासी समीकरण
मृतक की पहचान राणा प्रताप सिंह, पिता शिवपूजन सिंह, ग्राम झखरा, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। वे बिहार पुलिस में जवान के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से हादसे की जानकारी दे दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नरसंडा ओवरब्रिज के पास नवनिर्मित फोरलेन सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने एनएचएआई से अपील की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कंटेनर चालक की तलाश जारी है।