Bihar Election: 'सरकार सूद समेत वसूलेगी, हम हर महीने मदद देंगे', बेगूसराय में तेजस्वी ने नीतीश सरकार को घेरा
Bihar Election: तेजस्वी यादव ने कहा कि नकल करने वाली सरकार नहीं बल्कि समझदार और ईमानदार सरकार चाहिए। उन्होंने वादा किया कि पेंशन, गैस, बिजली और अन्य सहायता हर जरूरतमंद को दी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मटिहानी के बगडॉव, चेरिया बरियारपुर के मंझौल और बछवाड़ा में तीन जगह जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोग 20 साल पुरानी सरकार को बदलें, क्योंकि इस दौरान गरीबी और बेरोजगारी नहीं कम हुई, उद्योग नहीं लगे, पलायन रुका नहीं और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो गई। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिना रिश्वत या घूस दिए कोई काम नहीं होता। गरीब की बेटी से बलात्कार हो जाए या नौजवान की हत्या, तो एफआईआर तक नहीं होती। उल्टा गरीब को शराबबंदी के नाम पर पीटा जाता है। आवाज उठाने पर लाठी और केस होता है।
उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि हमारी सरकार बने तो हर माई-बहन को 2,500 रुपये महीने दिए जाएंगे। साल भर में 30 हजार, 5 साल में डेढ़ लाख। जो सरकार 10 हजार दे रही है, वह सूद समेत वसूलेगी। हमने कहा बिजली फ्री देंगे, तो सरकार भी फ्री कर दी। पहले स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे, अब बिजली मुफ्त है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नकल करने वाली सरकार नहीं बल्कि समझदार और ईमानदार सरकार चाहिए। उन्होंने वादा किया कि पेंशन, गैस, बिजली और अन्य सहायता हर जरूरतमंद को दी जाएगी। जिसके पास डिग्री है, उसे घर पर बैठने नहीं दिया जाएगा। बिहार का बेटा बिहार को चलाएगा, न कि गुजरात से आए दो गुजराती। इस दौरान उन्होंने खदाबन्दपुर में कर्पूरी जी और मंझौल में नित्यानंद जी की प्रतिमा का अनावरण किया।
पढे़ं: 'पहले धर्म के आधार पर लोगों को बांटा, अब घुसपैठियों का नाम लेते हैं', भाजपा पर बिफरीं प्रियंका
विधि व्यवस्था और भीड़ का दबाव
तेजस्वी यादव को देखने के लिए सुबह से ही मंझौल के शताब्दी मैदान में भारी भीड़ जमा रही। तय समय से देर से आने के बावजूद भीड़ शांत रही। हेलीकॉप्टर लैंड करने के बाद तेजस्वी का कारवां पहले नित्यानंद चौक पहुंचा, जहां उन्होंने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। मंच के सामने बैरिकेडिंग पर भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि यह टूट गई। मंझौल एसडीओ प्रमोद कुमार, डीएसपी नवीन कुमार, सीओ नंदन कुमार, मंझौल एसएचओ फैसल अंसारी, इंस्पेक्टर निगम वर्मा, एसआई रंधीर कुमार और मृत्युंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी विधि व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।
विधानसभा सीट के दावेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा
मटिहानी में पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह उर्फ बोगो सिंह के साथ जनसभा को तेजस्वी ने संबोधित किया। मंझौल में समर्थकों ने उन्हें तीन चांदी के मुकुट से स्वागत किया। मंच पर बड़े पोस्टर-बैनर लगाए गए। नेता प्रतिपक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, अलौली विधायक रामवृक्ष सदा, ललन यादव, CPI विधायक सूर्यकांत पासवान, पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान, चेरिया बरियारपुर विधायक राजवंशी महतों, MLC उर्मिला ठाकुर, राजद नेता और मुखिया प्रतिनिधि बमबम सिंह, अनुराग कुमार, दिनेश राम, सच्चिदानंद ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।