Bihar: शराब तस्कर ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, डीआईयू प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल; 119 लीटर शराब बरामद
Bihar: हादसे में डीआईयू प्रभारी चंदन कुमार, सिपाही अमृत तिग्गा और रौशन कुमार घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार दो तस्कर राहुल कुमार और रवि महतो निवासी गोड्डा, झारखंड भी घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड से आ रही शराब की एक बड़ी खेप को पकड़ने गई पुलिस टीम पर शराब तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। स्कॉर्पियो सवार तस्करों ने पहले मुफस्सिल थाना की गाड़ी को टक्कर मारी और फिर सामने से डिवाइस इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) की गाड़ी में जोरदार टक्कर दे दी। इस घटना में डीआईयू प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं दो तस्कर भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से शराब के साथ हथियार भी बरामद किए हैं।
झारखंड से शराब तस्करी की सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी सैयद इमरान मसूद को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में विदेशी शराब मुंगेर लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में डीआईयू टीम का गठन किया गया और छापेमारी के लिए सीताकुंड डीह के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची, वाहन में बैठे तस्करों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और पहले मुफस्सिल थाना की गाड़ी में टक्कर मारी। इसके बाद DIU टीम की गाड़ी में सामने से जोरदार टक्कर दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पढ़ें: बिहार के इस जिले में मुखिया संघ का प्रखंड अध्यक्ष गिरफ्तार, नाबालिग के अपहरण और छेड़छाड़ का आरोप
तीन पुलिसकर्मी घायल, आरोपी भी अस्पताल में भर्ती
हादसे में डीआईयू प्रभारी चंदन कुमार, सिपाही अमृत तिग्गा और रौशन कुमार घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार दो तस्कर राहुल कुमार और रवि महतो निवासी गोड्डा, झारखंड भी घायल हो गए। राहुल के हाथ और रवि के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में चल रहा है।
मौके से भारी मात्रा में शराब और हथियार बरामद
पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से 119 लीटर विदेशी शराब, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुईं। इससे तस्करों के नेटवर्क के सुनियोजित और पेशेवर होने के संकेत मिलते हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी सावंत कुमार और असरगंज थाना क्षेत्र के ममई गांव निवासी अमरेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया है। इनकी संलिप्तता भी शराब तस्करी गिरोह से जुड़ी बताई जा रही है।
डीएसपी ने दी पूरी जानकारी
सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार की देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीताकुंड डीह के पास पुलिस टीम को देखकर स्कॉर्पियो चालक ने जानबूझकर गाड़ी से टक्कर मार दी। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, स्कॉर्पियो से 119 लीटर विदेशी शराब, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक मुंगेर का और बाकी तीन बाहर के रहने वाले हैं।