Bihar News: गंगा घाट में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, स्नान के दौरान हादसे का शिकार हुआ था शुभम
Begusarai News: बेगूसराय में सिमरिया गंगा घाट में स्नान के दौरान डूबे शुभम का शव तीसरे दिन ढूंढ़ लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
विस्तार
बेगूसराय में सिमरिया गंगा घाट पर स्नान के दौरान डूबे युवक शुभम कुमार का शव घटना के तीसरे दिन रविवार को बरामद कर लिया गया। शुभम मटिहानी थाना क्षेत्र के चकबल्ली दियारा गांव के निवासी नरेंद्र राय का 22 वर्षीय पुत्र था। जैसे ही शव पानी से बाहर निकाला गया, परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
यह भी पढ़ें- Crime: महिला के अंतर्वस्त्र से पूसा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा; प्यार, तनाव और डर से हुई थी युवक की मौत!
स्नान के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे की है। जब शुभम अपने दोस्तों मनीष, विक्रम और वीरू के साथ सिमरिया गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके डूबने के बाद दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक शुभम पानी में गायब हो चुका था। घटना की सूचना पर दोपहर दो बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन शुभम का कुछ पता नहीं चल सका।
तीन दिन तक जारी रही तलाश
शनिवार को भी एसडीआरएफ की टीम ने शुभम की तलाश जारी रखी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने मोर्चा संभाला। लगातार दो दिन की कोशिशों के बावजूद जब शुभम का कोई सुराग नहीं मिला, तो रविवार सुबह एक बार फिर स्थानीय गोताखोरों ने अभियान शुरू किया। अनिल, जाटो, भरत, तेतर, सीताराम, सुनील, अमर, शत्रुघ्न, अर्जुन और मनीष समेत कई गोताखोरों ने नाव के सहारे गहरे पानी में खोजबीन की। इस प्रयास में आखिरकार शुभम का शव बरामद कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार पुलिस ने बच्चा चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन वर्षीय बच्चे के साथ सात चोर गिरफ्तार
शव मिलने के बाद गांव में मातम
शुभम के शव की बरामदगी की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना से इलाके में मातम छा गया है और गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.