Bihar News: संपत्ति विवाद में भाई की गोली मारकर हत्या, भाभी के सामने हुई दिल दहला देने वाली वारदात
सुपौल जिले के कामत किशुनगंज गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई अरविंद साह (38) को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे हुई, जब मृतक अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ सो रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र के कामत किशुनगंज गांव में शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संपत्ति विवाद को लेकर एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अरविंद साह (38) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों के साथ घर में सोए हुए थे। आरोपी छोटा भाई गजेंद्र साह वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजेश्वरी थानाध्यक्ष यूगल किशोर और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी रंगीना देवी (25) और उनकी दो बेटियां इस घटना से गहरे सदमे में हैं। रंगीना देवी ने बताया कि वारदात के समय उनके देवर गजेंद्र साह के साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले घर का छप्पर काटकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने कमरे के पीछे का किवाड़ तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोए हुए अरविंद साह की कनपटी में गोली मार दी।
ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025 : भारत निर्वाचन आयोग घिर गया; विपक्ष को जीतन राम मांझी ने कैसे दे दी ताकत?
पत्नी ने बताया कि उन्होंने अपने देवर से बार-बार ऐसा न करने की गुहार लगाई, लेकिन उसने एक न सुनी और हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मृतक की दादी मूर्ति देवी ने पुलिस से मांग की है कि हत्यारे पोते को फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के लिए इससे कम सजा न्याय नहीं होगी और वह उसे दोबारा कभी देखना नहीं चाहतीं। त्रिवेणीगंज डीएसपी विभाष कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।