Bihar News: बाइक सवार अपराधियों ने अधेड़ को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; रजिस्ट्री ऑफिस से घर लौटते समय हमला
Saharsa News: पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। सदर थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
विस्तार
बिहार में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने खुलेआम दिनदहाड़े खूनखराबा कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। मंगलवार की शाम त्रिमूर्ति चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति मोहम्मद फखरुद्दीन को गोली मार दी, जिसने इलाज के दौरान बुधवार को दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार-झारखंड के बार्डर के पास युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; लूटपाट का विरोध करने पर ऐसा हुआ
घर लौटने के रास्ते में हुई गोलीबारी
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद फखरुद्दीन हकपाड़ा वार्ड-5 के निवासी थे। मंगलवार की शाम वे रजिस्ट्री ऑफिस में अपना कुछ निजी काम निपटाकर बाजार से होते हुए बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह त्रिमूर्ति चौक के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली पेट के दाहिने हिस्से में लगी और आर-पार हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने जख्मी फखरुद्दीन को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। डॉ विजय शंकर ने बताया कि गोली लगने से शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जख्म हुए थे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन बुधवार को उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पत्नी से दस मिनट पहले हुई थी बातचीत
पीड़ित की पत्नी नाजिया परवीन ने बताया कि घटना से ठीक दस मिनट पहले पति से आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे घर लौट रहे हैं। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद गोली मारने की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने जताया मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर शक
परिवार वालों ने घटना को अंजाम देने के पीछे पुराने आपसी विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मोहल्ले के कुछ लोगों से पूर्व से विवाद चल रहा था और उन्हीं लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
यह भी पढ़ें- BPSC 70th PT Exam: सुप्रीम कोर्ट ने बीपीएससी रीएग्जाम की याचिका खारिज की, ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए अभ्यर्थी
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। सदर थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.