Bihar News: स्नातक की परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, बस ने पीछे से मारी टक्कर, SH-58 जाम
Bihar: मृतक के चाचा रमण कुमार ने बताया कि सुमित स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देने बाइक से कड़ामा कॉलेज जा रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे बघरा मोड़ के पास पुलिस ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। तभी पीछे से आ रही एक बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के मधेपुरा में सोमवार को स्नातक की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना पुरैनी थाना क्षेत्र के बघरा मोड़ के पास एसएच-58 पर हुई। मृतक की पहचान फूलपुर वार्ड संख्या-7 निवासी सियाराम यादव के बेटे सुमित कुमार (22) के रूप में हुई है।
दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बघरा मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला यह जाम टायर जलाकर और नारेबाजी के साथ जारी रहा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि बस मालिक को मौके पर बुलाया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
पीछे से आ रही बस ने मारी टक्कर
मृतक के चाचा रमण कुमार ने बताया कि सुमित स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देने बाइक से कड़ामा कॉलेज जा रहा था। सुबह करीब 9:30 बजे बघरा मोड़ के पास पुलिस ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया। तभी पीछे से आ रही एक बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुमित सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
पढ़ें; पूर्णिया में 25 से 30 हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित, विद्यालय में घुसा 3 फीट पानी; हाल-बेहाल
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को पुरैनी पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मधेपुरा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। परिजनों का कहना है कि उसका सपना पढ़-लिखकर परिवार का नाम रोशन करना था, लेकिन 22 साल की उम्र में ही सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुरैनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन शाम चार बजे तक जाम बरकरार था।