मोदी पर बिहार में हो सकता है आत्मघाती हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार को आईबी के अलर्ट व नक्सलियों के बिहार बंद की घोषणा के बाद सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठकें हुईं।
इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री पर महिला नक्सली के माध्यम से आत्मघाती हमला हो सकता है। प्रधानमंत्री पटना के सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘परिवर्तन रैली’ को भी संबोधित करेंगे। इस रैली में मोदी के साथ जीतन राम मांझी भी मंच साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर पांच स्तरों पर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। तैयारियों की निगरानी मुख्य सचिव और डीजीपी खुद कर रहे हैं। पटना के डीआईजी शालीन और एसएसपी विकास वैभव के अनुभवों का पुलिस पूरा उपयोग कर रही है।
शालीन बिहार आने के पहले एसपीजी में थे और प्रधानमंत्री की सुरक्षा में ही तैनात थ जबकि एसएसपी विकास वैभव एनआईए में रह चुके हैं।
संबंधित कार्यक्रम स्थलों समेत पटना एयरपोर्ट भी एसपीजी के हवाले किया जा चुका है। सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई मार्ग बाधित होने पर सड़क मार्ग से भी मुजफ्फरपुर जाने का विकल्प तैयार रखा है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए मोदी का यह दौरा काफी चुनौती भरा है क्योंकि इससे पहले आतंकियों ने 27 अक्टूबर 2013 को गांधी मैदान में आयोजित हुंकार रैली के दौरान मानव बम के जरिए मोदी को निशाना बनाने की योजना बनाई थी।
बिहार को देंगे कई सौगातें, नीतीश करेंगे स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार को कई सौगात देंगे। इसमें बिजली-रेल परियोजनाओं के साथ-साथ भविष्य की कई योजनाएं शामिल हैं। बिहार को विशेष पैकेज देने की घोषण के अलावा प्रधानमंत्री गैस पाइपलाइन, रेल और बिजली की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के नये स्वरूप का शुभारंभ भी मोदी बिहार से ही करेंगे। पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का मुख्यमंत्री व राज्यपाल विधिवत स्वागत करेंगे। मोदी श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 87वें स्थापना दिवस कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे मुजफ्फरपुर जायेंगे।
बिहार को प्रधानमंत्री से हैं काफी उम्मीदें
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से प्रदेश भाजपा सहित पूरे बिहार को काफी उम्मीदें हैं। भाजपा के लिए सर्वाधिक संभावना उत्तर बिहार में है, खासकर मिथिला का इलाके में। ऐसा इसलिए क्योंकि विधान परिषद के हालिया चुनाव में दरभंगा प्रमंडल में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी नेताओं की बांछें खिला दी थीं।
भाजपा कार्यकताओं को उम्मीद है कि मोदी ने जैसे उत्तर बिहार में भाजपा के जीत की राह प्रशस्त की है उसी प्रकार विधानसभा चुनाव में भी उनका जादू चलेगा।
लोकसभा चुनाव में भी भाजपा गठबंधन को 94 सीटों पर बढ़त मिली थी। यह मोदी का ही जलवा था जिसने कि पार्टी के वोट प्रतिशत को 2009 में 13.93 फीसदी से बढ़कर 2014 में 29.86 फीसदी कर दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर मोदी का जादू कायम रहा तो भाजपा की राह बहुत आसान होगी।