Bihar News : जहानाबाद नगर परिषद में गर्म हो गया माहौल; सफाई व्यवस्था पर उठी उंगलियां, बीच बैठक में हुई झड़प
Jehanabad News : जहानाबाद नगर परिषद के अधिकांश वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब होने के कारण दशहरा और नवरात्रि के मौके पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इन मुद्दों को लेकर बैठक में पार्षदों और मुख्य/उपमुख्य पार्षद के बीच हुई झड़प ने भी इस स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विस्तार
बिहार के जहानाबाद नगर परिषद के अधिकांश वार्डों में सफाई की स्थिति खराब होने के कारण दशहरा और नवरात्रि के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जनता बड़े अरमान के साथ नगर परिषद के मुख्य पार्षद और उपमुख्य पार्षद चुनती है। लेकिन जब ये अधिकारी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं करते हैं, तो लोग काफी निराश होते हैं।
हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नगर परिषद की सामान्य बैठक दिखाई गई है। वीडियो में बताया गया है कि बैठक के दौरान मुख्य पार्षद के पति ने मनमानी करने की कोशिश की, जिसे वार्ड पार्षदों ने कड़े विरोध का सामना किया। विरोध इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत तक आ गई, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। इस दौरान मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों के बीच काफी कहासुनी भी हुई। तस्वीर को देखने से साफ हो रहा है कि बैठक के दौरान माहौल गर्म है। एक दूसरे पर उंगलियां उठाते हुए दिख रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar News : '2005 से पहले भय का माहौल था, आज शांति और विकास है', सीएम नीतीश ने रोजगार को लेकर किया बड़ा वादा
अधिकांश वार्डों में स्थिति अभी भी गंभीर
हालांकि नवरात्रि और दशहरा के मौके पर नगर परिषद के अधिकांश वार्डों में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। सफाई के नाम पर केवल औपचारिक प्रयास किए जा रहे हैं। मोहल्लों की नालियों की हालत दयनीय है। जाम हुई नालियों का गंदा पानी गलियों में बह रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को पवित्र पर्व के दौरान भी गंदे पानी के बीच पूजा-अर्चना करनी पड़ रही है।
इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बैठक में पार्षदों और मुख्य/उपमुख्य पार्षद के बीच झड़प से साफ होता है कि कहीं न कहीं विकास कार्य और सफाई व्यवस्था में अनियमितताएं हैं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक यह विवाद सफाई और विकास कार्य के कमिशन को लेकर हुआ था। ऐसी बातेंं सामने निकलकर आ रही हैं। हालांकि, आधिकारिक जांच के बाद ही असल सच सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar News : 'उन्मेष साहित्य महोत्सव' में उपराष्ट्रपति ने की शिरकत, कहा-विविधता में भी एकता 'धर्म' से संभव