Bihar News: संविदाकर्मी ANM का अनिश्चित धरना-प्रदर्शन जारी, कहा- सरकार दोहरी नीति बंद करे, जानें मामला
Gaya News: प्रदर्शनकारी संविदाकर्मी एएनएम ने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन लागू होने तक भेदभाव वाली नीति चेहरा पहचान उपस्थिति प्रणाली द्वारा कोई भी संविदा एएनएम अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर तथा कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन में शामिल हैं।
विस्तार
गया जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर इन दिनों संविदाकर्मी एएनएम और जीएनएम कर्मी अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी वजह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर समुचित स्वास्थ्य जांच नहीं हो रही है। इसी सिलसिले में गया जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमस में बिहार संविदा एएनएम संघर्ष मोर्चा द्वारा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरना प्रदर्शन में शामिल एएनएम ने कहा कि सरकार हम लोगों के साथ दोहरी नीति अपना रही है। सरकारी स्वास्थ्य कर्मचारियों को ऑनलाइन उपस्थिति नहीं दिखाना है और संविदाकर्मियों को ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दिया गया है। सरकार हम लोगों के साथ नाइंसाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि गया जिले के कई ऐसे प्रखंड हैं, जहां आज भी मोबाइल नेटवर्क नहीं है। ऐसे में हम लोगों की उपस्थिति भी नहीं बनेगी और पैसा भी कट जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम लोगों को समान कार्य समान वेतन और संस्थानों पर सभी एचडब्लूसी, एचएससी पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने तक तथा विगत चार महीने से मानदेय न मिलने के कारण वित्तीय संकट होने की स्थिति में एफआरएएस से उपस्थिति दर्ज न करने के संबंध में आवेदन तैयार कर चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा गया है।
एएनएम ने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन लागू होने तक भेदभाव वाली नीति चेहरा पहचान उपस्थिति प्रणाली द्वारा कोई भी संविदा एएनएम अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर सभी संविदा एएनएम कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन में शामिल हैं। चेहरा पहचान उपस्थिति प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करने का निर्णय वापस लिया जाए।
साथ ही उन्होंने सभी संविदा एएनएम को नियमित एएनएम के अनुरूप समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग पत्र प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सौंपा। इस धरना-प्रदर्शन में पुष्पा कुमारी, संगीता कुमारी, कंचन कुमारी, गुड़िया कुमारी, सोनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, अर्चना कुमारी, ज्योति कुमारी, रूबी कुमारी, बबिता कुमारी, सुमन कुमारी, संयुक्ता कुमारी, रंजनी कुमारी सहित कई लोग शामिल हुए।