बिहार: स्कूल जाने निकलीं चार छात्राएं लापता, रात भर परिजनों ने खोजा, नहीं मिली ताे पहुंचे थाने
Gayaji Crime News: एक साथ चार लड़कियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से वजीरगंज इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस जांच में जुटी है, जबकि परिजन उनकी सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। आइये जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र से चार नाबालिग स्कूली छात्राओं के एक साथ लापता होने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह विद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकली छात्राएं देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के सकरदास नवादा पंचायत के एक गांव की चार नाबालिग छात्राएं बुधवार सुबह रोज की तरह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। पहले परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
थाने में दिया आवेदन, बरामदगी की लगाई गुहार
लगातार खोजबीन के बावजूद छात्राओं का कोई सुराग नहीं मिलने पर गुरुवार को परिजनों ने वजीरगंज थाना पहुंचकर आवेदन दिया और चारों छात्राओं की जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की। घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी अपने स्तर पर छात्राओं की तलाश में जुटे हैं।
तीन छात्राएं एक ही स्कूल की
मिली जानकारी के अनुसार, लापता छात्राओं में तीन छात्राएं उच्च माध्यमिक कक्षा में पढ़ती हैं, जबकि एक छात्रा दसवीं कक्षा की है। पुलिस जांच के दौरान सकरदास नवादा स्थित उच्च विद्यालय पहुंची और शिक्षकों से पूछताछ की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चार में से तीन छात्राएं इसी विद्यालय की छात्राएं हैं। इसके बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचने और वहां से निकलने के समय से जुड़ी जानकारियां जुटानी शुरू कर दी हैं।
डीएसपी ने परिजनों से की बातचीत
मामले की गंभीरता को देखते हुए वजीरगंज डीएसपी अभिनव कुमार भी थाना पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है तथा छात्राओं के संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।
हर पहलू पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। छात्राओं की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है और विभिन्न माध्यमों से छात्राओं का पता लगाने का प्रयास जारी है। वहीं, परिजन छात्राओं की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।