फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   bihar hospitals update for swine flu advisory isolation wards antiviral drugs

बिहार: स्वाइन फ्लू की दस्तक से राज्य में चिंता, पटना में मिले दो मरीज; अस्पतालों में तैयारी अभी भी अधूरी

Thu, 27 Aug 2026 11:57 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Thu, 27 Aug 2026 11:57 AM IST
सार

Bihar News: दिल्ली में स्वाइन फ्लू अलर्ट के बीच बिहार के अस्पतालों में अभी आइसोलेशन वार्ड और एंटी वायरल दवाओं की व्यवस्था नहीं है। हाल ही में पटना में दो मरीज मिले हैं। जानिए क्या है बिहार के सरकारी अस्पताल की तैयारी... 

विज्ञापन
bihar hospitals update for swine flu advisory isolation wards antiviral drugs
जय प्रकाश नारायण अस्पताल

विस्तार

स्वाइन फ्लू (एच1एन1) ने बिहार में दस्तक दे दी है। राजधानी पटना में जांच के दौरान दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें एक मरीज कंकड़बाग और दूसरा अगमकुआं इलाके का रहने वाला है। दर्जनों संदिग्ध मरीजों की जांच कराई गई थी, जिसमें दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि पटना के अलावा राज्य के अन्य जिलों में अभी स्वाइन फ्लू से निपटने की तैयारी अधूरी नजर आ रही है।
विज्ञापन


दिल्ली अलर्ट, बिहार में अभी इंतजार
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार और स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। वहीं बिहार के सरकारी अस्पतालों की पड़ताल में सामने आया है कि कई जगहों पर अभी तक न तो अलग आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है और न ही एंटी वायरल दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दो दिन पहले पटना में स्वाइन फ्लू को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई है। जल्द ही एडवाइजरी जारी होने के बाद सभी अस्पतालों में जरूरी तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


गयाजी के अस्पतालों में अभी नहीं बनी विशेष व्यवस्था
गयाजी के जय प्रकाश नारायण अस्पताल में पड़ताल के दौरान पता चला कि स्वाइन फ्लू को लेकर अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई औपचारिक निर्देश नहीं मिला है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जैसे ही दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे, संभावित मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में सामान्य वायरल बुखार और अन्य बीमारियों के मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है।

वायरल बुखार के मरीज बढ़े, लेकिन स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं
जय प्रकाश नारायण अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 200 मरीज पहुंच रहे हैं। मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। आने वाले मरीजों में करीब 40 प्रतिशत मरीज वायरल फीवर से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि सिर दर्द, तेज बुखार, खांसी, ठंड लगना और शरीर में दर्द जैसे लक्षण कई वायरल संक्रमणों में सामान्य होते हैं।
केवल इन लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए एच1एन1 की जांच जरूरी होती है। वर्तमान में अधिकांश मरीज पांच से छह दिनों में ठीक हो रहे हैं।

एडवाइजरी मिलते ही बनेगा आइसोलेशन वार्ड
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक बिहार स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वाइन फ्लू को लेकर कोई आधिकारिक एडवाइजरी प्राप्त नहीं हुई है। पटना में हुई बैठक के बाद जल्द ही दिशा-निर्देश मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। निर्देश मिलते ही स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार किया जाएगा और एंटी वायरल दवाओं का स्टॉक भी उपलब्ध कराया जाएगा।

अभी तक गयाजी में कोई संदिग्ध मरीज नहीं
डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार जय प्रकाश नारायण अस्पताल में अभी तक स्वाइन फ्लू का कोई संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया है। सामान्य फ्लू और वायरल संक्रमण के मरीज ही इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। निमोनिया या सांस लेने में गंभीर परेशानी वाले मरीजों की संख्या में भी फिलहाल कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है।

डॉक्टरों की सलाह, सतर्क रहें लेकिन घबराएं नहीं
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचना, नियमित रूप से हाथ धोना, साफ-सफाई रखना और खांसते या छींकते समय मुंह ढंकना संक्रमण से बचाव के अहम उपाय हैं। यदि किसी व्यक्ति को लगातार तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।


स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का इंतजार
फिलहाल बिहार के कई अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। एडवाइजरी जारी होने के बाद ही आइसोलेशन वार्ड, दवाओं की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाएं शुरू होंगी। ऐसे में आने वाले दिनों में यदि स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते हैं तो बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की असली परीक्षा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed