Bihar Election: तेज प्रताप ने गया जी में छानी जलेबी, PM मोदी पर बरसे; युवाओं से बोले- चिल्लाओ मत, नस फट जाएगी
Bihar Vidhansabha Chunav 2025: तेज प्रताप ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि हमें बहुत कम उम्र में मौका मिला। हम स्वास्थ्य मंत्री बने, महुआ से विधायक बने। जनता से वादा किया था कि मेडिकल कॉलेज देंगे और हमने वह वादा पूरा किया।
विस्तार
गया जी जिले के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वजीरगंज से प्रेम कुमार को पार्टी प्रत्याशी के रूप में उतारने की घोषणा की।
तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव के अंदाज में मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि युवा हो, नौजवान हो ज्यादा चिल्लाओगे तो नस फट जाएगा। उन्होंने मंच से ही प्रत्याशी को हाथ जोड़ने को कहा।
अपने चुनाव चिन्ह ‘ब्लैक बोर्ड’ का जिक्र करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि सभी लोग ब्लैक बोर्ड पर ही पढ़े हैं। यहां तक कि नरेंद्र मोदी भी ब्लैक बोर्ड पर ही पढ़े हैं। शिक्षा का आधार ब्लैक बोर्ड ही है। देश का कोई भी नेता हो, वह ब्लैक बोर्ड के सामने ही पढ़ाई किया है। बहुत सारे दल हैं, लेकिन ज्ञान सबको ब्लैक बोर्ड के सामने से ही मिलेगा। पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बार-बार बिहार आते हैं और जुमले देकर धोखा देते हैं। कहते हैं कि बिहार में सभी चीनी मिल चालू करवाएंगे, लेकिन अब तक कुछ चालू नहीं हुआ बस चाय ही पी रहे हैं।
पढ़ें: 'इतना मारा की आंखें सूज आई...गाल लाल हो गए', बिलखते हुए बच्चे ने लगाया टीचर पर आरोप; सदर अस्पताल रेफर
तेज प्रताप ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि हमें बहुत कम उम्र में मौका मिला। हम स्वास्थ्य मंत्री बने, महुआ से विधायक बने। जनता से वादा किया था कि मेडिकल कॉलेज देंगे और हमने वह वादा पूरा किया। बिहार में डबल इंजन की सरकार के दौरान कई को नियुक्ति पत्र हमने अपने हाथों से दिया। लेकिन षड्यंत्र रचा गया, सबको लग गया कि दूसरा लालू प्रसाद यादव पैदा हो रहा है, इसलिए हमें सरेंडर करने को मजबूर किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन ग्राउंड लेवल पर काम करता है। हम चार ही वादे करते हैं और उसे पूरा करते हैं। बिहार में जो भी समस्या होगी, उसका समाधान सड़क पर उतरकर करवाने का काम करेंगे।
जलेबी की दुकान पर रुकी गाड़ी
जनसभा समाप्त होने के बाद जब तेज प्रताप यादव तरवां बाजार से गुजर रहे थे, तो अचानक उनका काफिला एक जलेबी की दुकान पर रुक गया। तेज प्रताप खुद दुकान में उतरे, जलेबी छानी और फिर उसे खाया। इस दौरान समर्थक और कार्यकर्ता भी दुकान पर जुटे और सभी ने मिलकर जलेबी का स्वाद लिया।