{"_id":"667581e6c7b1b09db70bedda","slug":"aurangabad-outgoing-mp-sushil-kumar-singh-accused-his-own-government-s-police-of-adopting-double-standards-2024-06-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: औरंगाबाद के पूर्व सांसद ने अपनी ही सरकार की पुलिस पर लगाया दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप, कही ये बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: औरंगाबाद के पूर्व सांसद ने अपनी ही सरकार की पुलिस पर लगाया दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप, कही ये बात
Fri, 21 Jun 2024 07:06 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Fri, 21 Jun 2024 07:06 PM IST
सार
Aurangabad News: भाजपा नेता ने कहा कि पुलिस नबीनगर छात्रा हत्याकांड में भी अपनी तत्परता और शौर्य दिखाए, लेकिन ऐसा अब तक नहीं दिखा है। उन्होंने कहा कि अभी भी वक्त है, पुलिस चेत जाए और ऐसा माहौल बनाए कि लोग बेटियों को घर से बाहर भेजने में सुरक्षित महसूस कर सकें।
विज्ञापन
निवर्तमान सांसद और भाजपा नेता सुशील कुमार सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भाजपा नेता और औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने बिहार में अपनी ही गठबंधन सरकार की पुलिस पर दोहरा मापदंड अपनाने का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में नबीनगर के छात्रा हत्याकांड की चर्चा की। इस दौरान उन्होंने किसी जाति का नाम लिए बिना कहा कि उन्हें यह कहने से गुरेज नहीं है कि पुलिस का रवैया और चरित्र दोहरा है। सवाल यह नहीं है कि सरकार किसकी है। सवाल घटना को लेकर है। घटना हुई है तो पुलिस को अपना काम निष्पक्षता और तेजी से करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
विज्ञापन
सुशील कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस दूसरी जाति के साधारण सी बहस, गाली-गलौज और मारपीट के मामले इतना तक कि झूठे मुकदमे को भी गंभीरता से लेती है। फौरन एक्शन में आ जाती है। पुलिस का एक्शन देखने लायक होता है। लेकिन दूसरी जाति विशेष के मामले में पुलिस शिथिल पड़ जाती है। ऐसे मामले में पुलिस को जितना सक्रिय होना चाहिए, वह उतना नहीं होती। कहने को तो कहा जाता है कि पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन काम में पारदर्शिता दिखनी चाहिए। साक्ष्य के साथ दिखनी चाहिए। दिखना चाहिए कि क्या एक्शन हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले में मीडिया पुलिस की प्रतिक्रिया भी लेगी तो पुलिस का रटा रटाया यही जवाब होगा कि पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ काम कर रही है। पुलिस किस तरह निष्पक्ष नहीं रहती, इसे अलग-अलग मामलों के रूप में देखा जा सकता है। पुलिस अलग-अलग घटना में अलग-अलग मोड में रहती है। अलग-अलग जाति और समुदाय के मामले में अलग दृष्टिकोण रखती है।
विज्ञापन
भाजपा नेता सिंह ने कहा कि पुलिस नबीनगर छात्रा हत्याकांड में भी अपनी तत्परता और शौर्य दिखाए, लेकिन ऐसा अब तक नहीं दिखा है। उन्होंने कहा कि अभी भी वक्त है, पुलिस चेत जाए और ऐसा माहौल बनाए कि लोग बेटियों को घर से बाहर भेजने में सुरक्षित महसूस कर सकें। हम चाहते हैं कि समाज में शांति-व्यवस्था बनी रहे। कानून अपना काम निष्पक्ष होकर करता रहे। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे। उन्होंने कहा कि नबीनगर छात्रा हत्याकांड के मामले में शुरू में पुलिस ने काफी लापरवाही बरती। इस कारण आम जनता आक्रोशित हुई, लेकिन जनता ने संयम का परिचय दिया। संयमित विरोध किया। थाने में आग नहीं लगाई। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया। किसी की व्यक्तिगत संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया। यह स्वाभाविक विरोध था।
विज्ञापन
पूर्व सांसद ने कहा कि न्याय की लड़ाई में वे पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ हैं। गुरुवार की शाम भी वे नबीनगर जाकर पीड़ित परिवार से मिले हैं। परिवार को सांत्वना दी है। इस कारण पुलिस से गुजारिश है कि वह अपना काम सही तरीके से और पूरी निष्पक्षता के साथ करे। घटना में शामिल सभी अपराधियों को पकड़ कर सामने लाए और सजा दिलाए।