बिहार सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ी बुलेट और साइकिल, दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम; चालक गंभीर
समस्तीपुर के रोसड़ा में शुक्रवार को तेज रफ्तार बुलेट और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में साइकिल सवार डब्लू कुमार (24) और बुलेट सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बुलेट चालक गंभीर रूप से घायल है।
विस्तार
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रोसड़ा स्थित मुरादपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बुलेट और साइकिल की आमने-सामने की टक्कर में साइकिल सवार डब्लू कुमार (24) और बुलेट पर सवार दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, दुर्घटना में बुलेट चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जुटे लोगों ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर अचानक हुए हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
मजदूरी करने निकले थे डब्लू
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोसड़ा प्रखंड स्थित मुरादपुर निवासी मनोज साह के पुत्र डब्लू कुमार शुक्रवार को रोज की तरह मजदूरी करने के लिए साइकिल से घर से निकले थे। वह गांव से गुजर रहे थे और मुरादपुर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बुलेट से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर आमने-सामने की थी और इतनी तेज थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में डब्लू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुलेट सवार दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पिछले साल हुई थी डब्लू की शादी
मृतक डब्लू कुमार मुरादपुर निवासी मनोज साह के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार, डब्लू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी पिछले साल ही हुई थी। परिवार में उनकी मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। जिस युवक की जिंदगी अभी परिवार की जिम्मेदारियों और नवदांपत्य जीवन की शुरुआत के बीच आगे बढ़ रही थी, वह अचानक सड़क हादसे का शिकार हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें- बिहार: भागलपुर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, सिर के पास मारी गोली; चंदे को लेकर विवाद की चर्चा
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में घायल बुलेट चालक की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। दो युवकों की मौत से मुरादपुर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।