Bihar News: हेडमास्टर पर छात्रा से छेड़खानी का आरोप, लोगों ने स्कूल में हंगामा कर पीटा; अब पुलिस हिरासत में
Samastipur News: जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें भी प्राप्त हुई है। इस मामले में वह कमेटी बनाकर जांच कराएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
समस्तीपुर शहर के बहादुरपुर स्थित मिडिल स्कूल के हेडमास्टर पवन पासवान पर स्कूल की ही चौथी कक्षा की एक छात्रा से छेड़खानी करने का आरोप लगा है। इस घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भड़क उठे। उसके बाद लोगों ने स्कूल में जमकर हंगामा मचाया और हेडमास्टर के साथ मारपीट भी की। बाद में लोगों ने हेडमास्टर को बंधक बना लिया। जब इस घटना की जानकारी नगर पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। हालांकि इस दौरान लोग शिक्षक को वहां से उतारकर वहीं पर सजा देने की बात कर रहे थे। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शिक्षक को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की भी मांग की है।
यह भी पढ़ें- Bihar:सीबीआई ने Nhai के जीएम को 15 लाख रुपये घूस लेते दबोचा, पटना में महाप्रबंधक के पास मिले 1.18 करोड़ रुपये
जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद हेडमास्टर चौथी कक्षा की एक छात्रा को लेकर अपने कार्यालय कक्ष में बैठे हुए थे। आरोप है कि इस दौरान उससे छेड़खानी की जा रही थी। इस बात की लोगों को भनक लग गई, जिससे बड़ी संख्या में बहादुरपुर और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे स्कूल के शिक्षक वहां से फरार हो गए।
हेडमास्टर द्वारा छेड़खानी का मामला आग की तरह फैल गया। इसके बाद कुछ लोगों ने हेडमास्टर के कक्ष में घुसकर उनसे मारपीट शुरू कर दी। हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव भी किया और छात्रा को बाहर निकालकर हेडमास्टर को उन्हीं के कार्यालय कक्ष में बंद कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी नगर पुलिस को दी गई। बाद में नगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों के विरोध को देखते हुए वह हेडमास्टर को अपने साथ ले जाने की हिम्मत जुटा नहीं पा रही थी। बाद में बड़ी संख्या पर पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और पुलिस सुरक्षा घेरे में हेडमास्टर को हिरासत में थाने ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:चाकूबाजी में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम; दो अन्य गोरखपुर में भर्ती
नगर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शिव कुमार यादव ने कहा कि हेडमास्टर पर छेड़खानी का आरोप लगा है। हेडमास्टर को हिरासत में ले लिया गया है। अगर पीड़िता के परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त होता है तो इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें भी प्राप्त हुई है। इस मामले में वह कमेटी बनाकर जांच कराएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.