Bihar News: बेटी ने कहा- उसी से करूंगी शादी... पिता ने गला दबाया, फिर नदी में फेंक दिया शव
समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 17 वर्षीय दीपा कुमारी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
विस्तार
समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 17 वर्षीय बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में बांधकर वाया नदी में फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी पिता और मां घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
चौकीदार की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले का खुलासा होने के बाद स्थानीय चौकीदार चितरंजन पासवान के बयान पर शाहपुर पटोरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। नदी से बरामद शव सड़ी-गली अवस्था में मिला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेजा गया।
बेटी करना चाहती थी प्रेम विवाह
प्राथमिकी के अनुसार, मुकुंदपुर निवासी लखन राय और दौलत देवी की 17 वर्षीय बेटी दीपा कुमारी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दीपा उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था। परिजनों के समझाने के बावजूद वह अपने फैसले पर अड़ी रही। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर माता-पिता ने कुछ अन्य लोगों की मदद से पहले उसका गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को बोरे में बांधकर नदी में फेंक दिया।
नदी किनारे बोरे में मिला युवती का शव
बुधवार सुबह गोरगामा वाया नदी के घाट के पास बोरे में बंधा एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शव की पहचान दीपा कुमारी के रूप में की। ग्रामीणों का कहना है कि शव मिलने के बाद भी माता-पिता मौके पर नहीं पहुंचे और उसी सुबह घर छोड़कर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने बताई घटना वाली रात की बात
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना वाली रात दीपा के घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं। देर रात कुछ लोगों को एक बोरा लेकर जाते भी देखा गया था। हालांकि उस समय किसी को यह अंदाजा नहीं था कि बोरे में युवती का शव है।
कई लोगों के खिलाफ केस, आरोपियों की तलाश जारी
चौकीदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के माता-पिता के साथ-साथ कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।