Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Chhath Puja 2026 Begins Today with Nahay Khay, Know the Auspicious Yogas Rituals Festival Schedule Traditions

आज से शुरू हुआ छठ महापर्व: इस बार दो खास योग का बन रहा शुभ संयोग; जानिए नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक का महत्व

Fri, 13 Nov 2026 10:47 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आदित्य आनंद Updated Fri, 13 Nov 2026 10:47 AM IST
सार

Chhath Puja 2026: सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत आज शुक्रवार यानी 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ हो गई है। इस बार छठ पर ग्रह-नक्षत्रों का विशेष संयोग बन रहा है। आइये ज्योतिषाचार्य से जानते हैं सारे सवालों का जवाब?

विज्ञापन
Chhath Puja 2026 Begins Today with Nahay Khay, Know the Auspicious Yogas Rituals Festival Schedule Traditions
आज से छठ महापर्व शुरू - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार समेत देशभर में लोकआस्था का महापर्व छठ आज से शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान की शुरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय-खाय से होती है। इस दौरान व्रती पवित्र नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ तैयार भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं। इस बार नहाय-खाय के दिन मूल नक्षत्र, धृति योग और रवियोग का संयोग बन रहा है।

विज्ञापन


छठ पर बन रहा ग्रह-नक्षत्रों का शुभ संयोग
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व पर ग्रह-गोचरों का विशेष संयोग बन रहा है। शुक्रवार 13 नवंबर को मूल नक्षत्र, धृति योग और रवियोग में नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हो रही है। शनिवार 14 नवंबर को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और रवियोग में खरना होगा। रविवार 15 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि योग और रवियोग में अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, सोमवार 16 नवंबर को वृद्धि योग और सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग के मंगलकारी संयोग में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
विज्ञापन


सूर्योपासना की वैदिक परंपरा से जुड़ा है छठ
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि सूर्योपासना भारतीय वैदिक परंपरा का अभिन्न अंग है। ऋग्वैदिक काल से ही सूर्य की आराधना की परंपरा चली आ रही है। सूर्य को प्रत्यक्ष देवता और आरोग्य का कारक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य की उपासना से आरोग्यता, सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। स्कंद पुराण में भी छठ व्रत का उल्लेख मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, राजा प्रियव्रत ने कुष्ठ रोग से मुक्ति की कामना के साथ भगवान भास्कर की आराधना की थी। इस व्रत को प्रतिहार षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और जीवन में अनुशासन अपनाने का संदेश देता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

Chhath Puja 2026 Begins Today with Nahay Khay, Know the Auspicious Yogas Rituals Festival Schedule Traditions
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा। - फोटो : अमर उजाला

सूर्य के साथ उषा और प्रत्युषा की होती है पूजा
ज्योतिषाचार्य राकेश झा के अनुसार, छठ में भगवान सूर्य के साथ उनकी शक्तियों उषा और प्रत्युषा की भी आराधना की जाती है। सूर्य की अंतिम किरण को प्रत्युषा और पहली किरण को उषा कहा जाता है। यही वजह है कि छठ में पहले अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर नमन किया जाता है। इस तरह छठ में सूर्य की दोनों अवस्थाओं की पूजा होती है। यह प्रकृति के चक्र और जीवन में निरंतरता के महत्व को भी दर्शाता है।

षष्ठी तिथि छठी मैया और सप्तमी सूर्यदेव को समर्पित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ पर्व में षष्ठी माता और भगवान सूर्य की संयुक्त आराधना की जाती है। षष्ठी तिथि के स्वामी भगवान कार्तिकेय माने जाते हैं और षष्ठी देवी को देवसेना के रूप में भी जाना जाता है। इन्हें लोकपरंपरा में छठी मैया कहा जाता है। विष्णु पुराण के अनुसार, तिथियों के विभाजन के समय भगवान सूर्य को सप्तमी तिथि प्रदान की गई थी। वहीं, अथर्ववेद की मान्यता के अनुसार षष्ठी देवी भगवान सूर्य की मानस बहन हैं। इसलिए छठ में सूर्यदेव के साथ षष्ठी माता की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि छठी मैया बच्चों की रक्षा करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। बच्चे के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी माता की पूजा करने की परंपरा है।
 

Chhath Puja 2026 Begins Today with Nahay Khay, Know the Auspicious Yogas Rituals Festival Schedule Traditions
नहाय खाय के दिन अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। - फोटो : एआई

प्रकृति को समर्पित है छठ, आपसी सौहार्द का देता है संदेश
ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने बताया कि छठ प्रकृति को समर्पित महापर्व है। इसमें सूर्य, जल, धरती और मौसमी फलों का विशेष महत्व है। पूजा में ईख, नारियल, केला, गागर, ठेकुआ और अन्य मौसमी फलों को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। इस पर्व में जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति का भेद पीछे छूट जाता है। सभी लोग एक साथ घाटों की सफाई करते हैं और एक-दूसरे के सहयोग से पूजा की तैयारियां करते हैं। यही कारण है कि छठ सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द, स्वच्छता और प्रकृति के संरक्षण की सीख देने वाला पर्व भी है।

स्वस्थ जीवन और शुद्धता से भी जुड़ी है छठ की परंपरा
छठ के प्रसाद और खानपान में मौसमी खाद्य पदार्थों का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य राकेश झा के अनुसार, खरना में गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार किया जाता है। इसके अलावा ईख और मौसमी फलों का इस्तेमाल होता है। नहाय-खाय में लौकी की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल ग्रहण करने की परंपरा है। छठ के दौरान साफ-सफाई, शुद्ध भोजन और संयमित दिनचर्या पर विशेष ध्यान दिया जाता है। व्रती चार दिनों तक नियम और निष्ठा के साथ अनुष्ठान करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस पूजा से परिवार में सुख-शांति, आरोग्य, संतान सुख और समृद्धि आती है।

नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक चार दिनों का पूरा कार्यक्रम

13 नवंबर, शुक्रवार : नहाय-खाय

  • छठ के पहले दिन व्रती गंगा नदी, तालाब या अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान करते हैं। इसके बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर अनुष्ठान का संकल्प लेते हैं। इस दिन अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है।

14 नवंबर, शनिवार : खरना

  • दूसरे दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं। शाम को स्नान के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा की जाती है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।

15 नवंबर, रविवार : संध्या अर्घ्य

  • तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, ईख और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्पित की जाती है।

16 नवंबर, सोमवार : उषा अर्घ्य और पारण

  • चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती पूजा संपन्न कर पारण करते हैं और 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed