बिहार में फिर दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, दौरा कर रहे सांसद की नाव पलटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण अभी तक 73 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अगले दो दिन भी भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने तीन-चार अक्तूबर के लिए पटना, वैशाली, बेगूसराय और खगड़िया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने बताया कि अबतक 73 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 9 लोग जख्मी हैं। उन्होंने बताया कि पानी निकालने के लिए कोल इंडिया से लिया गया पंप खराब हो गया था, अब वह ठीक है। अब वे लोग पटना के राजेंद्र नगर से पानी बाहर निकालेंगे।
बाल-बाल बचे भाजपा सांसद राम कृपाल यादव
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद राम कृपाल यादव बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरान करने पहुंचे थे।
इस दौरान वह जिस नाव में सवार थे वह नाव पलट गई, जिसके बाद वह डूबने लगे। आनन-फानन में उनके पास मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें डूबने से बचाया। इस घटना में सांसद को मामूली चोटें आई हैं।
मामले की जानकारी सांसद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी दी है। राम कृपाल यादव ने लिखा कि 'आज पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का सुबह से ही भ्रमण कर रहा हूं। लोगों के दुःख दर्द को करीब से महसूस कर रहा हूं और मदद की समुचित व्यवस्था के लिए निर्देश भी दे रहा हूं।
कई क्षेत्रों में स्थिति सच में काफी विकट है। लोग परेशान हैं। जल्द ही उनकी परेशानी दूर होगी। इस क्रम में आज मैं खुद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
धनरुआ के रमणी बिगहा में एक जगह पानी की गहराई ज्यादा थी। कोई सही नौका की व्यवस्था नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुछ व्यवस्था की। चचरी वाली नौका लाई गई। इसपर सवार हो गहरे पानी को पार कर ही रहा था कि नौका डूब गई। लोगों ने तत्परता से मुझे निकाला। हल्की चोट आई। आप जनता जनार्दन की दुआ से सुरक्षित हूं।'
वहीं, बाढ के हालात को लेकर बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया है कि कल के अनुमानों के अनुसार, बाढ़ के कारण 73 लोगों की मौत हुई हैं और नौ लोग घायल हुए हैं। जो पंप हमने कोल इंडिया से लाए थे, उसमें कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। अगर यह आज काम करना शुरू कर देता है तो हम राजेंद्र नगर से पानी साफ कर देंगे।