Bihar : गुजरात और पटना के युवकों के युवकों के बैग में ₹500 के 90 बंडल देख चौंक गई RPF टीम
Heavy Cash in Bags : स्कैनर देख रहे रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) वर्दीधारी की आंखें फटी रह गईं, जब अंदर सिर्फ नोटों के बंडल नजर आए। गिनती शुरू हुई तो 45 लाख 53 हजार 500 रुपये निकले। भागलपुर RPF ने दोनों युवकों के साथ रुपये आयकर विभाग को सौंप दिए।
विस्तार
रेलवे स्टेशनों के स्कैनर अक्सर ध्यान से नहीं देखे जाते। कई बार तो इसी लापरवाही को देख लोग बगल से निकल लेते हैं। लेकिन, इन दो लड़कों की बदकिस्मती! भागलपुर स्टेशन पर स्कैनर के बगल से निकलने की कोशिश की तो बैग जांच में डलवा दिया गया। स्कैनर देख रहे रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) वर्दीधारी की आंखें फटी रह गईं, जब अंदर सिर्फ नोटों के बंडल नजर आए। गिनती शुरू हुई तो 45 लाख 53 हजार 500 रुपये निकले। भागलपुर RPF ने दोनों युवकों के साथ रुपये आयकर विभाग को सौंप दिए।
भागलपुर से पटना जा रहे थे रुपये लेकर
पुलिस ने दोनों युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह पक्के तौर पर नहीं बता सके कि रुपये किसके हैं, कहां से आए। युवकों की पहचान गुजरात के पाटन जिले के 32 वर्षीय रावल दिलीप कुमार और पटना के 20 वर्षीय जोयेश कुमार के रूप में हुई है। आयकर विभाग या आरपीएफ ने इस मामले में फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। दोनों भागलपुर से रुपये लेकर पटना जा रहे थे।
नकली-असली बदलने वाला गिरोह तो नहीं
नोटों के बंडल पकड़े जाने के बाद दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। या तो यह किसी जमीन खरीदारी से जुड़ा काला धन है या फिर नकली-असली बदलने वाले गिरोह के रुपये हैं। भागलपुर में पिछले कुछ दिनों में कई बार नकली रुपये थमाकर असली नोट ले जाने का मामला सामने आ चुका है। हालांकि, बड़ा सवाल यह भी है कि स्टेशन पर जांच का खतरा जानते हुए भी दो युवक इस तरह बैग में इतनी बड़ी राशि लेकर कैसे जा रहे थे। संभव है कि यह ऐसा पहले भी करते रहे हों और नहीं पकड़े जाने के कारण सहज भाव में निकल रहे थे, लेकिन बदकिस्मती से शुक्रवार को पकड़े गए।