Bihar Police : जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार सोना लूट कांड का आरोपी हाइवे पर कूदकर भागा, पुलिस ने मारी गोली
Bihar : बिहार में सोना लूटकांड का मुख्य आरोपी भागकर जम्मू-काश्मीर चला गया था, लेकिन बिहार पुलिस वहां जाकर आरोपी को दबोच लिया। लौटने के क्रम में आरोपी ने पुलिस का पिस्टल छिनकर भागने की कोशिश की, जिसमें पुलिस ने उसे गोली मार दी।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में पुलिस और अपराधी के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुआ है। सोना लूटकांड के मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच हुए मुठभेड़ में आरोपी अनुपम झा के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपी को घेरकर दबोच लिया है। मामला फकुली थाना क्षेत्र के फकुली गांव की है। आरोपी अनुपम झा सदर थाना क्षेत्र में 51 लाख के आभूषण लूटकांड का आरोपी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसके पीछे लगी हुई थी। फरार आरोपी को पुलिस जम्मू- कश्मीर से गिरफ्तार कर ला रही थी, तभी बीच रास्ते में उसने भागने का प्रयास किया। यह घटना मुजफ्फरपुर-पटना एनएच 77 के फकुली इलाके में हुई है। पुलिस ने घायल अनुपम झा को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है।
कब हुई थी लूट
घटना के संबंध में एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि 10 अप्रैल को दोपहर दो बजे के करीब तीन की संख्या में आये अपराधियों ने सदर थाना क्षेत्र के आरडीएस कॉलेज के पास स्थित कोलकाता ज्वेलर्स से हथियार के बल पर लगभग 51 लाख़ रुपए मूल्य के सोने के लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद एसएसपी राकेश कुमार के निर्देश पर दो विशेष टीम का गठन किया गया। विशेष टीम लगातार उन अपराधियों के पीछे लगी हुई थी। इस दौरान पुलिस उन अपराधियों को खोजते हुए जम्मू कश्मीर पहुँच गई और वहां से सोना लूट कांड के मुख्य आरोपी अनुपम झा को गिरफ्तार कर लिया।
भागने के क्रम में पुलिस पर तान दी पुलिस की पिस्टल
घटना के संबंध में एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस की एसआईटी और डीआईयू की टीम शातिर अपराधी अनुपम झा को जम्मू- कश्मीर से गिरफ्तार कर मुजफ्फरपुर ला रही थी। तभी मुजफ्फरपुर-पटना एनएच 77 के फकुली इलाके में उसने शौच जाने की बात कही। पुलिस उसे शौच के लिए ले जाने लगी तभी आरोपी अनुपम झा ने पुलिसकर्मी को झटका देकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने एक जवान का पिस्टल छीन लिया और पुलिस पर तान दिया, जिसके बाद पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसपर गोली चला दी। अनुपम झा को के पैर में दो गोली लगी है, जिसे आननफानन में इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है।