Bihar: ग्रीन फील्ड हाइवे का हिस्सा होगा पिपरा और त्रिवेणीगंज बाइपास; प्रगति यात्रा की 10 घोषणाओं पर काम जारी
Supaul News: सुपौल डीएम कौशल कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रगति यात्रा के क्रम में सीएम नीतीश कुमार ने 10 विकास योजनाओं की घोषणा की थी।जिसका क्रियान्वयन अब शुरू हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रगति यात्रा के दौरान बीते 20 जनवरी को सुपौल पहुंचे सीएम नीतीश कुमार द्वारा जिले के विकास से जुड़े 10 महत्वपूर्ण याेजनाओं की घोषणा की गई थी। जिसके बाद तेजी से सभी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह जानकारी शुक्रवार को डीएम कौशल कुमार ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि सीएम द्वारा की गई घोषणा के बाद त्रिवेणीगंज बाईपास एवं पिपरा बाईपास को पथ निर्माण विभाग के पत्र में 22 जनवरी को अररिया-परसरमा ग्रीन फील्ड हाइवे प्रोजेक्ट में शामिल कर एनएचएआई द्वारा निर्माण कराने का आदेश पारित किया गया है।
इसके अलावा नगर पंचायत निर्मली के रिंग बांध का जीर्णोद्धार एवं कालीकरण के लिए 17.22 करोड की स्वीकृति विभाग द्वारा दी गई है। सुपौल आउटडोर स्टेडियम का जीर्णोद्धार सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए 28.43 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। सिमराही बाजार में दोनों एनएच के जंक्शन प्वांइट पर फ्लाई ओवर के निर्माण कार्य के लिए राज्य कैबिनेट की बैठक में 4 फरवरी को 188.39 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। छातापुर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड के सुरसर नदी का चैनलाईजेशन एवं क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मति के लिए 5.92 करोड़ की राशि आवंटित की गई है। इसकी निविदा भी प्रक्रियाधीन है।
15 दिनों में चालू हो जाएगा वीरपुर में अवर निबंधन कार्यालय
डीएम ने बताया कि वीरपुर अनुमंडल मुख्यालय में निबंधन कार्यालय की स्थापना को लेकर स्थल चयन कर लिया गया है। अनुमंडल कार्यालय के पीछे पुराने भवन में फिलहाल निबंधन कार्यालय चलेगा। इसकी तैयारी चल रही है। 15 दिनाें के अंदर इसका शुभारंभ कर दिया जाएगा। बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार व मंदिर से बाजार तक जाने वाली सड़क चाैड़ीकरण 7.52 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। जिला मुख्यालय में प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए 7.50 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। बीरपुर हवाई अड्डा के रन-वे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए 42.37 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
तीन हजार मीटर लंबा बनेगा रन-वे, 88.83 एकड़ भूमि होगी अधिग्रहित
डीएम कौशल कुमार ने बताया कि वर्तमान में वीरपुर हवाई फील्ड का रन-वे सिर्फ 1200 मीटर का है। जिसके सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे होने के कारण वीरपुर से छोटे विमानों के परिचालन की योजना है। लेकिन, यात्री विमान को उतरने के लिए कम से कम 3000 मीटर यानी 3 किलोमीटर रन-वे की आवश्यकता होती है। 1200 मीटर के अतिरिक्त उत्तर पूर्व की दिशा में 2000 मीटर भूमि अर्जित करने का प्रस्ताव भेजा गया था। जिसके लिए 04 फरवरी को मंत्री परिषद की बैठक में 88.83 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए राज्य स्कीम मद से 42.37 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।