Murder in Patna : ढाई महीने की बच्ची को सुबह से ढूंढ़ रहे थे, प्लास्टिक के जार में मिली सदा के लिए सोई हुई
Girl Child Killed in Patna : जघन्य! महज ढाई महीने की नवजात की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घर वाले उसे ढूंढ़ने लगे तो नहीं मिली। मिली कहां? जहां रहती थी, उसी घर के किचन में डालडे के खाली डब्बे के अंदर मोड़कर घुसाई हुई।
विस्तार
जघन्य! महज ढाई महीने की नवजात की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घर वाले उसे ढूंढ़ने लगे तो नहीं मिली। मिली कहां? जहां रहती थी, उसी घर के किचन में डालडे के खाली डब्बे के अंदर मोड़कर घुसाई हुई। दिल दहला देने वाली यह हकीकत बुधवार दोपहर बाद पटना के कदमकुआं में सामने आई तो लोग दंग रह गए। देखते ही देखते घर के पास लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने लोगों को घर के अंदर आने से रोक लगा दिया। फौरन FSL की टीम बुलाई गई। काजीपुर में रोड नंबर दो स्थित घर में मारकर डब्बे में बंद कर दी गई बच्ची अंशु के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
बच्ची घर में नहीं मिली तो पुलिस को खबर दी
पिता भरत कुमार के अनुसार- "सुबह नींद खुली तो बच्ची बगल में नहीं नजर आई। बिछावन के आसपास, नीचे देखा तो भी नहीं पता चला। कहीं से आवाज भी नहीं आ रही थी। सुबह 6:30 बजे से पागलों की तरह हम लोग बच्ची को खोज रहे थे। नहीं मिली तो पुलिस को खबर दी। पुलिस ने भी काफी खोजबीन के बाद कहा कि घर में ही सब कुछ चेक करो। इसके बाद एक-एक सामान को हटाकर देखना शुरू किया तो किचन में प्लास्टिक के डब्बे में बच्ची की लाश पर मिली।" भरत कुमार कदमकुआं इलाके में ही अंडे की दुकान चलाता है। बच्ची से बड़ा उसका दो साल का बेटा भी है।
कदमकुआं थाना के दारोगा ने मौके पर बताया घर के अंदर ही खोजबीन के बाद दरवाजा के बगल में एक अलमारी के पास डब्बा में बच्ची की लाश देखी गई। बच्ची के गले में फंदे का निशान मिला है, जिससे साफ हो रहा है कि हत्या गला दबाकर की गई और फिर डब्बे में उसकी लाश को रख दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। इसके लिए फॉरेंसिक साइंस की टीम को बुलाया गया है। कदमकुआं थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की पूरी छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या का कारण अबतक सामने नहीं आया है। आपसी पारिवारिक विवाद में ऐसा हो सकता है।