बिहार बोर्ड: अध्यक्ष का पद संभालते ही राजेश कुमार का बड़ा निर्देश, एक महीने में निपटाने होंगे सभी लंबित मामले
राजेश कुमार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष का पदभार संभाला। उन्होंने मैट्रिक-इंटर 2027 के छूटे विद्यार्थियों को 7 से 17 नवंबर तक फॉर्म भरने का अवसर दिया। परीक्षा व्यवस्था सुधारने, लंबित मामलों के निपटारे और पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 22 नवंबर को कराने का निर्देश दिया।
विस्तार
पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार ने शुक्रवार 6 नवंबर को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2001 बैच के अधिकारी राजेश कुमार ने पदभार संभालने के बाद समिति के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षाओं के संचालन और विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा की।
बैठक में अध्यक्ष ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को अंतिम अवसर देने का निर्देश दिया। इसके तहत छूटे हुए विद्यार्थी 7 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए 10 दिनों की विशेष अवधि निर्धारित की गई है।
राजेश कुमार ने परीक्षा संचालन की व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि एक महीने के भीतर परीक्षा व्यवस्था की कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर किया जाए। पूर्व में आयोजित परीक्षाओं के दौरान सामने आई खामियों की भी समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएं। साथ ही लापरवाही और अनियमितता के लिए जिम्मेदार कर्मियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने समिति में लंबित सभी मामलों को एक महीने के भीतर निष्पादित करने को कहा। इसके अलावा न्यायालयों में लंबित मामलों और एमजेसी (अवमानना याचिका) से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया। समिति के परीक्षा संचालन और अन्य कार्यों के लिए चयनित एजेंसियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा सभी एजेंसियों से इस संबंध में अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने को कहा कि वे ब्लैकलिस्टेड नहीं हैं।
बैठक में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके मद्देनजर परीक्षा की तिथि की आधिकारिक सूचना जारी कर अभ्यर्थियों को जानकारी देने का निर्देश दिया गया। यह परीक्षा 22 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।