बिहार चुनाव 2020: पीएम ने तेजस्वी, राहुल पर साधा निशाना, बोले- सिंहासन बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं डबल युवराज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
Election In Bihar 2020: दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को डबल युवराज कहकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज बिहार के सामने डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ डबल-डबल युवराज भी हैं। उनमे से एक जंगलराज के युवराज भी हैं। डबल इंजन वाली एनडीए सरकार बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, तो ये डबल-डबल युवराज अपने-अपने सिंहासन को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इन युवराजों का यूपी जैसा हश्र होगा।
छपरा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में रैलियां करने के दौरान पीएम ने राजद और कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि जंगलराज के युवराज को तो आप देख ही रहे हैं। कांग्रेस का दायरा भी अब सिर्फ अपने परिवार तक ही सीमित होकर रह गया है। सिर्फ और सिर्फ अपने-अपने परिवार के लिए काम कर रही इन पारिवारिक पार्टियों ने आपको क्या दिया?
मोदी ने कहा कि बड़े-बड़े बंगले बने, तो किसके बने? महल बने, तो किसके बने? इन पारिवारिक पार्टियों के घरों में बड़ी-बड़ी करोड़ों की गाड़ियां आईं, गाड़ियों का काफिला बना, लेकिन आपके बच्चों की चिंता क्या ये करेंगे? इन्हें सिर्फ अपने और अपने परिवार की चिंता है, यही सच्चाई है और यही इनका इतिहास है। उन्होंने लालू-राबड़ी की सरकार के दौरान की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए युवाओं को याद दिलाते हुए कहा कि बचपन के दिनों में आपकी मां आपको कहा करती थी कि लकड़सुंघा आ जाएगा। असल में आपकी मां को चिंता थी कि अगर उनके बच्चे बाहर निकले तो अपहरण हो जाएगा। बिहार चुनाव के पहले चरण में 71 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान किया गया था। तीन नवंबर को दूसरे चरण का और सात नवंबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। 10 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजे सामने आएंगे।
जंगलराज वालों को लालटेन की चिंता, हमें एलईडी जलाने की फिक्र
पीएम ने कहा कि जंगलराज वालों को चिंता है कि लालटेन कैसे जले। हमारा प्रयास है कि हर घर में एलईडी कैसे पहुंचे। एनडीए का प्रयास है कि हम बिहार के अपने गरीब भाइयों-बहनों को ज्यादा से ज्यादा पक्के घर कैसे दे सकें। जंगलराज वालों को चिंता है कि अपनी तिजोरी कैसे भरें। जंगलराज का अंधेरा बिहार पीछे छोड़ चुका है, अब नई रोशनी में डबल इंजन की ताकत के साथ विकास का लाभ हमें बिहार के हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। जंगलराज की हालत तो ये थी कि जो उद्योग, जो चीनी मिले, दशकों से चंपारण और बिहार का अहम हिस्सा रही हैं, वह भी बंद हो गई।
किसी मां को चिंता की जरूरत नहीं, छठ की तैयारी करें, आपका बेटा दिल्ली में बैठा है
कोरोना संकट में भारत की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया के बड़े-बड़े देश जब इस महामारी से जूझ रहे हैं भारत ने बहुत अच्छे ढंग से इसका मुकाबला किया है। पिछले आठ महीने से गरीब के घर राशन पहुंच रहा है। कोरोना के काल में किसी मां को ये चिंता करने की जरूरत नहीं है कि छठ पूजा कैसे मनाएंगे। आपने अपने बेटे को दिल्ली में बैठाया है तो क्या वह छठ की चिंता नहीं करेगा। आप लोग छठ की तैयारी कीजिए, दिल्ली में आपका बेटा बैठा है।
यूपी के सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि तीन-चार साल पहले वहां भी डबल-डबल युवराज बस के ऊपर चढ़कर लोगों के सामने हाथ हिला रहे थे और उत्तर प्रदेश की जनता ने वहां उन्हें घर लौटा दिया था। वहां के एक युवराज अब जंगलराज के युवराज से मिल गए हैं। उत्तर प्रदेश में जो हाल डबल-डबल युवराज का हुआ, वही अब बिहार में होगा।
लोग नई गाड़ी खरीदते थे तो खुद खरोंच लगा देते थे, जंगलराज नहीं लौटने देना
पीएम ने कहा कि जंगलराज की किसी भी हालत में वापसी नहीं होने देना है। याद कीजिए जंगलराज को जब लोग अपने घरों को सामने से सजाते नहीं थे। बड़े घर नहीं बनाते थे। अपने ही घर को सामने से पुराना करके रखते थे। उन्हें खौफ था। घर जितना अच्छा, किडनैपिंग उतनी जल्दी। घर जितना बड़ा, रंगदारी भी उतनी बड़ी। पीएम ने कहा कि जब लोग नई गाड़ी खरीदते थे तो उसमें खुद खरोंच लगा देते थे, ताकि किसी की नजर न पड़े। पीएम ने कहा कि बिहार ने वो दिन भी देखे हैं जब रंगदारी की शिकायत करने के लिए, लोग किसी के पास जाते थे, तो उन्हें डबल रंगदारी देनी पड़ती थी। गाड़ी लूटी जाने की शिकायत करने के लिए लोग, जिसके पास अर्जी लेकर जाते थे, वो खुद लुटेरों के साथ घर में बैठा मिलता था।
क्या बिहार को फिर से बीमार बनाना चाहेंगे?
प्रधानमंत्री ने मोतिहारी में कहा कि जिस चीज को इस्तेमाल करने से आप को तकलीफ हुई है, क्या आप उस चीज को दोबारा इस्तेमाल करेंगे। चाहे उसका रंग-रूप कितना भी नया क्यों न हो? बिहार को बीमार बनाने वालों को आप दोबारा नहीं लाएंगे, इसका वादा कीजिए।