Bihar News : सीबीआई की टीम पहुंची एम्स, कर्मियों से की पूछताछ; कार्यकारी निदेशक ने कहा- नहीं जानकारी मुझे
Patna AIIMS : पटना एम्स में सीबीआई की टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने एम्स के उपनिदेशक, एम्स के उपनिदेशक प्रशासन के कार्यालय में पदस्थापित स्टेनो और हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर से पूछताछ की है।
विस्तार
पटना एम्स के कर्मियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। मंगलवार को सीबीआई की टीम पटना एम्स पहुंची और वहां के कर्मियों से पूछताछ की। उनपर मेडिकल सामग्री की खरीद-बिक्री में अनियमितता करने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने एम्स के उपनिदेशक, एम्स के उपनिदेशक (डीडीए) प्रशासन नीलोत्पल बल के कार्यालय में स्टेनो के पद पर तैनात आशीष कुमार और हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर से पूछताछ की है। पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम वापस लौट गई।
इस संबंध में बताया गया कि मेडिकल उपकरण की खरीद में केंद्र सरकार के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया था। साथ ही साथ स्क्रैप के समानों का बिना टेंडर किए निपटारा किए जाने का भी आरोप है, जिसके लिए सभी से पूछताछ की गई। इस संबंध में एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।