बिहार: बाइक की चाबी काउंटर पर जमा करने को कहा तो भड़के साथी, 22 साल के युवक की कर दी हत्या; दो गिरफ्तार
गोपालगंज के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी में बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश सिंह की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में सोनू कुमार घायल हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी में शनिवार की रात बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद में रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश सिंह (22) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि होटल के दो कर्मचारियों ने अनीश पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने आए एक अन्य कर्मचारी सोनू कुमार (18) भी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अनीश सिंह हथुआ थाना क्षेत्र के टड़वा गांव निवासी दिवंगत बिजेंद्र सिंह के पुत्र थे। वह पिछले तीन महीने से होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन के पद पर कार्यरत थे।
जन्मदिन की पार्टी के बाद बढ़ा विवाद
होटल कर्मचारियों के अनुसार, शनिवार की रात राहुल कुमार का जन्मदिन था। पार्टी खत्म होने के बाद राहुल ने अनीश से बाइक की चाबी मांगी। अनीश ने होटल के नियमों का हवाला देते हुए चाबी काउंटर पर जमा करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि होटल की रसोई में राहुल कुमार और गौतम कुमार ने अनीश पर चाकू से हमला कर दिया। अनीश की पीठ पर चाकू से तीन वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए उसरी गांव निवासी सोनू कुमार के हाथ में भी चोट लग गई।
पढे़ं: पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, अंजनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में मारी गोली
गोरखपुर ले जाने के दौरान मौत
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अनीश को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल सोनू कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन
अनीश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने होटल के बाहर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने होटल मालिक और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की।
घटना के बाद होटल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।