बिहार में योगी आदित्यनाथ की पहली चुनावी रैली, बोले- पाक समर्थित आतंकवादी कश्मीर में प्रवेश नहीं कर सकते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने बिहार के कैमूर जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया। कैमूर जिले के रामगढ़ सीट से आज योगी ने अपने प्रचार का आगाज किया।
बिहार और यूपी का संबंध चोली दामन का है
रैली की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम और सीता से की। उन्होंने कहा, मैं भगवान राम की जन्मभूमि से आया हूं। बिहार और यूपी का संबंध चोली दामन का है। त्रेता युग में रामगढ़ को महर्षि विश्वामित्र ने अपनी तपस्थली के लिए चुना था। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ सोने पर सुहागा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना से देश को बचाया गया। कोरोना काल में सही वक्त पर सही फैसले लिए गए।
उन्होंने कहा, बिहार लगातार विकास की तरफ बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिसका फायदा राज्य की जनता को मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है। गरीबों के लिए हर योजना की शुरुआत बिहार से हुई है।
यूपी के मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, हम लोग विकास की बात करते हैं, लेकिन वो लोग जाति की बात करते हैं। हम देश की बात करते हैं, वो परिवार की बात करते हैं। उन्होंने कहा, हम लोग सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं, तो वो लोग देश के संसाधनों पर एक विशेष समुदाय के अधिकार की बात करते हैं।
पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी कश्मीर में प्रवेश नहीं कर सकते
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोहतास में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी कश्मीर में प्रवेश नहीं कर सकते हैं और जवानों पर हमला नहीं कर सकते ... 'भारत तेरे टुकड़े हुए' का नारा अब जेएनयू में नहीं उठाया जा सकता, देश में एकमात्र नारा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' है।
#WATCH: Pakistan supported terrorists cannot enter Kashmir and attack jawans... 'Bharat tere tukde honge' slogan cannot be raised in JNU now, the only slogan being raised in the country is 'Ek Bharat Shrestha Bharat': UP CM Yogi Adityanath in Rohtas #BiharElections2020 pic.twitter.com/4RHs7pnMyK
— ANI (@ANI) October 20, 2020
बिहार के सामने एक तरफ विकास का गठबंधन है, दूसरी तरफ भेदभाव वाला गठबंधन है
सीएम योगी ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को मकान दिए। इस दौरान उन्होंने किसी का धर्म या जाति नहीं देखी। लोगों को बिजली कनेक्शन दिए गए। आयुष्मान योजना का लाभ हर भारतीय को मिल रहा है। रसोई गैस के फ्री कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा, बिहार के सामने एक तरफ विकास का गठबंधन है, दूसरी तरफ भेदभाव वाला गठबंधन है। अब उसे सही गठबंधन का साथ चुनना है। कांग्रेस के एजेंडे में विकास कभी नहीं रहा है। हम विकास की बात करते हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, राजद की सरकार में गरीबों के राशन को लूटा गया। साथ ही गाय और भैंस का चारा भी खाया गया। उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा और भगवान राम का मंदिर भी बनवा दिया।
सीएम योगी ने कहा, बिहार की स्थिति पहले ऐसे हो गई थी कि यहां का युवा बाहर जाकर अपनी पहचान छिपाने पर मजबूर था, लेकिन नीतीश जी के नेतृत्व में स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा, विकास से बाधित जनता को अपराध और आतंकवाद की तरफ धकेलने वाली सरकार नहीं चाहिए।